शादी की खुशियां मातम में बदलीं: यमुना में पलटी नाव, एक ही परिवार के मासूमों समेत 6 लोग लापता

हमीरपुर में एक शादी की खुशियां अचानक चीख-पुकार में बदल गईं जब यमुना नदी के बीच नाव हादसे का शिकार हो गई। मासूम बच्चों समेत कई लोग लापता हैं और पूरा गांव नदी किनारे टकटकी लगाए बैठा है। आखिर कैसे कुछ ही पलों में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 7 May 2026, 12:22 PM IST

Hamirpur: हमीरपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यमुना नदी में अचानक नाव पलटने से उसमें सवार 9 लोग डूब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अब तक 3 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक महिला और 5 बच्चों समेत 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंच गई।

शादी के घर से निकले थे नदी पार

घटना कुतुबपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव निवासी देशराज निषाद के घर उनकी बेटी की शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए कई रिश्तेदार घर आए हुए थे। देशराज का बेटा विष्णु निषाद अपनी पत्नी और रिश्तेदारी के बच्चों को लेकर यमुना नदी पार लगी बारी में तरबूज और खरबूज खाने गया था।

बारी से लौटते समय सभी लोग नाव में सवार होकर वापस गांव आ रहे थे। नाव में तरबूज और खरबूज भी रखे हुए थे। तभी बीच नदी में अचानक नाव अनियंत्रित हो गई और तेज बहाव के बीच पलट गई। देखते ही देखते नाव में बैठे सभी लोग नदी में समा गए।

Deoria: मरीजों पर गिद्ध की तरह नजर गड़ाए रहते हैं ‘सौदेबाज’

तैरकर बची दो जिंदगियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। विष्णु निषाद और एक बच्चे ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली। वहीं एक अन्य बच्चे को स्थानीय मछुवारों ने नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन बाकी लोग तेज बहाव में लापता हो गए।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शादी वाले घर की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। गांव में हर तरफ सन्नाटा पसरा है और लोग नदी किनारे अपनों के मिलने की आस लगाए बैठे हैं।

NDRF और गोताखोरों की मदद से चल रहा रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमों को लगाया गया है। देर शाम तक नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रहा, लेकिन तेज बहाव और अंधेरे की वजह से राहत टीमों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौके पर पहुंचे राजेश एस ने रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया और अधिकारियों को तेजी से तलाश अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बाराबंकी पुलिस को खबर ही नहीं लगी एटीएस कर गई काम

गांव में पसरा मातम

घटना के बाद आसपास के कई गांवों के लोग मौके पर जुट गए। हर किसी की नजर नदी में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है। वहीं मनोज प्रजापति भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया।

फिलहाल प्रशासन लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव राहत कार्य में बड़ी चुनौती बने हुए हैं।

Location :  Hamirpur

Published :  7 May 2026, 10:12 AM IST