
गोरखपुर में बाइक चोर गैंग का भंडाफोड़
Gorakhpur: वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कैंट पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, दो बाइक के कटे हुए पार्ट्स, अन्य मोटरसाइकिलों के पुर्जे और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने गोरखपुर के साथ संतकबीरनगर के खलीलाबाद क्षेत्र में भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल करीम पुत्र खजमुद्दीन, निवासी नकौड़ी थाना सिकरीगंज और आमिर खान उर्फ गोलू पुत्र अय्यूब खान, निवासी सरया छपिया थाना गीडा, गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त 2026 को डीडीयू विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। मामले में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई बाइक बरामद कर ली। वहीं 1 सितंबर 2026 को मोहद्दीपुर स्थित आधार सेवा केंद्र से चोरी हुई मोटरसाइकिल को काटकर अलग किए गए उसके विभिन्न पुर्जे बरामद किए गए।
पूछताछ में वाहन चोरी का तरीका भी सामने आया। पुलिस के अनुसार आमिर खान ई-रिक्शा से इलाके की रेकी करता था, जबकि अब्दुल करीम बाइक चोरी करता था। चोरी के बाद मोटरसाइकिलों को एक कमरे में ले जाकर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर दिए जाते थे। इसके बाद पुर्जों को बेचकर रकम कमाई जाती थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसे उन्होंने खलीलाबाद से चोरी करना बताया। इसके अलावा कई अन्य बाइक के पुर्जे भी मिले हैं। पुलिस का मानना है कि बरामद पार्ट्स का संबंध खलीलाबाद क्षेत्र में चोरी हुई मोटरसाइकिलों से हो सकता है। इससे गिरोह के अंतरजनपदीय नेटवर्क की जानकारी मिली है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर कैंट थाने में दर्ज दोनों मुकदमों में धारा 3(5), 317(2), 317(4) और 317(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की बाकी घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार अब्दुल करीम के खिलाफ कैंट और सिकरीगंज थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं आमिर खान उर्फ गोलू के खिलाफ वर्तमान दोनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटाने के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
Location : Gorakhpur
Published : 7 September 2026, 12:20 AM IST