पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राज करन नय्यर को पुलिस विभाग में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें पदोन्नत कर पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बनाया गया है। इस संबंध में आदेश राज्यपाल के निर्देश पर प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद द्वारा जारी किया गया।

एसएसपी राज करन नय्यर बने डीआईजी
Gorakhpur: जनपद गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राज करन नय्यर को पुलिस विभाग में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें पदोन्नत कर पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बनाया गया है। इस संबंध में आदेश राज्यपाल के निर्देश पर प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद द्वारा जारी किया गया। जैसे ही पदोन्नति की सूचना सामने आई, गोरखपुर पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई और अधिकारियों व कर्मचारियों ने इसे गौरव का क्षण बताया।
राज करन नय्यर का गोरखपुर में कार्यकाल अनुशासन, सख्ती और संवेदनशील पुलिसिंग के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। संगठित अपराधों पर करारी चोट करते हुए गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और अन्य सख्त कानूनी प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई कर अपराधियों में पुलिस का खौफ कायम किया। उनके नेतृत्व में पुलिस ने कई बड़े अपराधों का सफल अनावरण किया, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।
एसएसपी रहते हुए राज करन नय्यर ने पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया। महिला सुरक्षा को लेकर उन्होंने विशेष अभियान चलाए, महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय किया और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए साइबर सेल को मजबूत किया गया। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए चलाए गए अभियानों से सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण देखने को मिला।
उनकी कार्यशैली का एक अहम पहलू आमजन के साथ पुलिस का विश्वास बढ़ाना रहा। जनसुनवाई, थाना दिवस और फील्ड विजिट के माध्यम से उन्होंने जनता की समस्याओं को सीधे सुना और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया।
यही कारण है कि उन्हें एक कर्मठ, कर्तव्यनिष्ठ और परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में पहचान मिली।
राज्यपाल के निर्देश पर जारी यह पदोन्नति आदेश राज करन नय्यर की ईमानदार सेवा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यों की औपचारिक मान्यता माना जा रहा है। डीआईजी पद पर उनकी तैनाती से कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पदोन्नति की खबर मिलते ही जिले के पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गोरखपुर पुलिस के लिए यह पदोन्नति गर्व का विषय मानी जा रही है।