
एसडीएम ने यूपी राजस्व निरीक्षक संघ के पदाधिकारियों को बांटे प्रमाण पत्र
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ, जनपद शाखा गोरखपुर के निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद रविवार को सदर तहसील सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सदर एसडीएम दीपक गुप्ता ने सभी विजयी पदाधिकारियों को उनके पद का प्रमाण पत्र प्रदान किया। समारोह में संघ के सदस्य, निर्वाचन अधिकारी तथा राजस्व विभाग के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
निर्वाचन प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया। अध्यक्ष पद पर लालजी पाठक निर्वाचित हुए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजेश प्रसाद, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सतीश चन्द्र त्रिपाठी तथा मंत्री पद पर हरिप्रकाश श्रीवास्तव को सफलता मिली। उप मंत्री पद पर भगवान प्रसाद, संगठन मंत्री पद पर लालचन्द, कोषाध्यक्ष पद पर राम प्रसाद और ऑडिटर पद पर संतोष कुमार गुप्ता निर्वाचित घोषित किए गए।
एसडीएम दीपक गुप्ता ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती आपसी सहयोग, अनुशासन और पारदर्शिता से ही संभव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित टीम राजस्व विभाग के हितों की रक्षा करते हुए कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएगी और उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल करेगी।
उन्होंने प्रशासन और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने पर भी बल दिया।
लड़की के साथ कांड करने वाला आरोपी गुजरात से दबोचा, गोरखपुर की जनता बोली- पुलिस से कोई नहीं बच सकता
नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने निष्पक्ष एवं सफल निर्वाचन प्रक्रिया के लिए प्रशासन और चुनाव अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे संघ की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित सदस्यों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
Location : Gorakhpur
Published : 23 February 2026, 2:20 AM IST