
आवश्यक विकास कार्यों की जानकारी मंत्री को दी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: नगर पंचायत कस्बा संग्रामपुर उनवल में विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष एडवोकेट महेश कुमार दुबे ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से उनके कैंप कार्यालय मऊ में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नगर पंचायत क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों और विद्युत विभाग से जुड़ी जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।
मुलाकात के दौरान अध्यक्ष महेश कुमार दुबे ने नगर पंचायत कस्बा संग्रामपुर उनवल में प्रस्तावित एवं आवश्यक विकास कार्यों की जानकारी मंत्री को दी। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराना आवश्यक है। इससे नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी और नगर पंचायत के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
अध्यक्ष ने विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं की ओर भी मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि बिजली से जुड़ी समस्याओं का सीधा असर आम नागरिकों, व्यापारियों और स्थानीय जनजीवन पर पड़ता है। ऐसे में विद्युत व्यवस्था से संबंधित शिकायतों का प्रभावी समाधान और आवश्यक सुधार कराया जाना जरूरी है।
इस दौरान अध्यक्ष ने नगर पंचायत की विभिन्न विकास संबंधी मांगों और जनसमस्याओं से जुड़े पत्रक मंत्री ए.के. शर्मा को सौंपे। साथ ही आग्रह किया कि संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर लंबित समस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्रवाई कराई जाए।
दोस्त के घर काम करने आया था, सुबह छत पर मिला शव! गोरखपुर की इस मौत ने सबको हिला दिया
मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा उठाई गई समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। अध्यक्ष ने क्षेत्र की जनता के हित में विकास कार्यों को प्राथमिकता दिलाने और विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए मंत्री से सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया।
भेंट के बाद अध्यक्ष एडवोकेट महेश कुमार दुबे ने उम्मीद जताई कि नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री के सहयोग से नगर पंचायत कस्बा संग्रामपुर उनवल में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा विद्युत विभाग से जुड़ी जनसमस्याओं के निस्तारण का रास्ता भी प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
Location : Gorakhpur
Published : 24 November 2026, 4:31 PM IST