चोरी के अंधेरे में छिपा था बड़ा सच… पुलिस ने ऐसे खोला शातिर अपराधी का राज

गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद हुई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 29 May 2026, 7:32 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर कई मामलों की गुत्थी सुलझा ली है। आरोपी की पहचान बिजय कुमार पथरकट उर्फ छोटू, निवासी लुचुई वार्ड नंबर-07 थाना सहजनवा के रूप में हुई है।

पुलिस की रणनीति से मिली सफलता

पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष सहजनवा के नेतृत्व में गठित टीम लगातार चोरी की घटनाओं की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।

पूछताछ में बड़ा खुलासा

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ थाना सहजनवा में दर्ज चार अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

बरामद हुआ चोरी का सामान

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और 2,365 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान में एक पीली धातु की अंगूठी, नथिया, चार जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया सहित अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमों में धारा 317(2) की बढ़ोत्तरी भी की गई है।

पुराना आपराधिक इतिहास

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास पहले से ही गंभीर रहा है। उसके खिलाफ जीआरपी गोरखपुर में लूट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह लंबे समय से चोरी की घटनाओं में सक्रिय था।

गोरखपुर में पॉक्सो केस पर बड़ा फैसला! नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 22 साल की सजा

क्षेत्र में राहत का माहौल

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों ने इस गिरफ्तारी के बाद राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  29 May 2026, 7:32 PM IST