गोरखपुर में तीन घंटे की बारिश के बाद जो तस्वीर सामने आई, उसने सबको चौंका दिया

गोरखपुर में सोमवार सुबह तीन घंटे में 24 मिमी बारिश होने के बावजूद नगर निगम की सक्रिय व्यवस्था से शहर में कहीं भी गंभीर जलभराव नहीं हुआ। नगर आयुक्त अजय जैन ने स्वयं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और पंपिंग स्टेशनों के संचालन व जल निकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी की।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 July 2026, 5:01 PM IST

Gorakhpur: सोमवार सुबह गोरखपुर में करीब तीन घंटे के दौरान 24 मिमी बारिश दर्ज की गई। आमतौर पर इतनी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या देखने को मिलती है, लेकिन इस बार नगर निगम की सक्रिय तैयारी के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। अधिकांश इलाकों से बारिश का पानी आधे घंटे के भीतर ही निकल गया और लोगों की दिनचर्या प्रभावित नहीं हुई।

बारिश शुरू होते ही मैदान में उतरे नगर आयुक्त

बारिश शुरू होने के साथ ही नगर आयुक्त अजय जैन स्वयं निर्माण एवं जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ शहर के निरीक्षण पर निकल पड़े। उन्होंने विजय चौराहा, एडी मॉल, सावित्री हॉस्पिटल, धर्मशाला मार्ग, तरंग ओवरब्रिज, गोरखनाथ ओवरब्रिज के नीचे स्थित नाले और टिनघर पुलिया सहित कई संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं भी लंबे समय तक जलभराव की स्थिति नहीं मिली।

पंपिंग स्टेशनों ने निभाई अहम भूमिका

नगर निगम की टीमों ने बारिश शुरू होते ही सभी प्रमुख सम्पवेल और पंपिंग स्टेशनों को तत्काल संचालित कर दिया। कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की गई और फील्ड में तैनात कर्मचारियों ने समय पर जल निकासी सुनिश्चित की। इसी वजह से मुख्य सड़कों पर यातायात सामान्य बना रहा और नागरिकों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

हजारों फीट ऊपर हवा में गूंजी ‘छात्र आंदोलन’ की आवाज! फ्लाइट में अचानक खड़े होकर शख्स ने की अनोखी अपील, वीडियो वायरल

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून के पूरे सीजन में सभी पंपिंग स्टेशनों को पूरी क्षमता से संचालित रखा जाए। साथ ही नालों की नियमित सफाई, सिल्ट हटाने और जल निकासी मार्गों को अवरुद्ध होने से रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए। जिन क्षेत्रों में हर वर्ष जलभराव की आशंका रहती है, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

भारत को मिली पहली डेंगू वैक्सीन ‘Qdenga’: जानिए कैसे करेगी यह बीमारी के चारों स्ट्रेन से बचाव

मानसून सीजन में 24 घंटे रहेगी निगरानी

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि पूरे मानसून सीजन के दौरान कंट्रोल रूम और फील्ड टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर नागरिकों को राहत पहुंचाने की तैयारी की गई है। प्रशासन का दावा है कि आगे भी इसी तरह सक्रिय व्यवस्था बनाए रखी जाएगी ताकि शहर को जलभराव जैसी समस्याओं से बचाया जा सके।

Location :  Gorakhpur

Published :  20 July 2026, 5:00 PM IST