गोरखपुर में माफियाओं पर बड़ा क्रैकडाउन, फर्जी स्टाम्प के सौदागर की 1.50 करोड़ की 3 मंजिला इमारत कुर्क

संगठित अपराध के खिलाफ कैण्ट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात आरोपी रामलखन जायसवाल की करीब 1.50 करोड़ रुपये की तीन मंजिला इमारत कुर्क कर ली। आरोपी ने फर्जी स्टाम्प बेचकर यह संपत्ति पत्नी के नाम बनाई थी। डीएम के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत यह एक्शन लिया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 June 2026, 12:40 PM IST

Gorakhpur : संगठित अपराध और गैंगस्टर एक्ट के तहत चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात आरोपी की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को जब्त कर लिया है। थाना कैण्ट क्षेत्र की पुलिस ने जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में गैंग बनाकर कूटरचित स्टाम्प तैयार कर उन्हें बेचने और अवैध संपत्ति अर्जित करने के मामले में दर्ज मुकदमे के आरोपी रामलखन जायसवाल की लगभग 1.50 करोड़ रुपये मूल्य की तीन मंजिला इमारत को कुर्क किया है। यह संपत्ति आरोपी ने अपनी पत्नी उर्मिला देवी के नाम पर दर्ज कराई थी।

गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत एक्शन

यह कार्रवाई थाना कैण्ट गोरखपुर पुलिस द्वारा गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की गई। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रामलखन जायसवाल पर नकली दस्तावेज, कूटरचित स्टाम्प, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र जैसे मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एक मामला गैंगस्टर एक्ट के तहत और दूसरा भारतीय दंड संहिता की कई गंभीर धाराओं में शामिल है।

अपराधियों पर आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई संगठित अपराध पर अंकुश लगाने और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने के अभियान का हिस्सा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी कैण्ट के मार्गदर्शन में थाना कैण्ट पुलिस टीम और अन्य पुलिस कर्मियों की संयुक्त टीम शामिल रही।

Gorakhpur Fire: भलोटिया मार्केट की थोक दवा दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम

इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में निम्नलिखित अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल रहे:

  • अरूण कुमार एस. (IPS): स0पु0अ0/क्षेत्राधिकारी सर्किल कैण्ट, जनपद गोरखपुर

  • प्र0नि0 संजय कुमार सिंह: थाना कैण्ट, जनपद गोरखपुर

  • व0उ0नि0 विनोद कुमार सिंह: थाना कैण्ट, जनपद गोरखपुर

  • म0उ0नि0 दीप शिखारंजन: चौकी प्रभारी नगर निगम, थाना कोतवाली, गोरखपुर

  • म0उ0नि0 प्रिया राव: थाना कैण्ट, जनपद गोरखपुर

  • का0 दीपक यादव: थाना कैण्ट, जनपद गोरखपुर

  • का0 मोनू कुमार: सर्किल कैण्ट, गोरखपुर

Location :  Gorakhpur

Published :  6 June 2026, 12:40 PM IST