हिंदी
जिलाधिकारी दीपक मीणा (Image Source: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में लोकतांत्रिक भागीदारी को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रशासन ने अद्यतन मतदाता सूची जारी कर दी है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में अब कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 32,45,441 हो गई है।
इनमें 17,73,929 पुरुष, 14,71,316 महिलाएं और 196 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान बेहद अहम रहा है।
डीएम के अनुसार, 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित पिछली मतदाता सूची में 30,20,908 मतदाता दर्ज थे। व्यापक पुनरीक्षण अभियान के दौरान 2,24,533 नए मतदाता जोड़े गए हैं, जो लोकतंत्र के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।
Gorakhpur News: भूपगढ़ की बेटी का कमाल, SSC CGL पास कर बनीं मिसाल; पढ़ें पूरी खबर
वहीं, 18,132 नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए हैं, जबकि 2,42,665 मतदाताओं के नाम, पते और आयु में संशोधन किया गया है। प्रशासन ने इस पूरी प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया।
इस दौरान राजनीतिक दलों के साथ भी लगातार संवाद बनाए रखा गया। कलेक्ट्रेट स्तर पर 23 और तहसील स्तर पर 30 बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें मिले सुझावों को गंभीरता से शामिल किया गया।
प्रशासन ने मतदाता सूची को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की है। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को इसकी प्रतियां उपलब्ध करा दी गई हैं, वहीं तहसीलों में बीएलओ और एसडीएम के माध्यम से नागरिक भी इसे देख सकते हैं।
महराजगंज में भीषण अग्निकांड: खेतों में मची भारी तबाही, 50 एकड़ फसल जलकर राख
डीएम ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी का नाम सूची में छूट गया है या किसी मृत या स्थानांतरित व्यक्ति का नाम अब भी दर्ज है, तो वे आसानी से सुधार करा सकते हैं। इसके लिए फॉर्म-6 के जरिए नाम जोड़ा जा सकता है, फॉर्म-7 से नाम हटाया जा सकता है और फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। यह सुविधा ऑनलाइन भी 24×7 उपलब्ध है।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों की बात करें तो गोरखपुर अर्बन 4,47,798 मतदाताओं के साथ सबसे आगे है। इसके अलावा पिपराइच, चिल्लूपार और गोरखपुर रूरल क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में मतदाता दर्ज किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना बेहद जरूरी है। यह न केवल व्यक्तिगत अधिकार है, बल्कि मजबूत लोकतंत्र की नींव भी है। प्रशासन इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 10 April 2026, 11:52 PM IST
Topics : Election Commission India Gorakhpur News Online Voter Services Voter list update Voter Registration