गोरखपुर हादसा : टिल्लू पंप ऑन करते ही क्या हुआ ऐसा, जिससे एक पल में उजड़ गया परिवार?

गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र के भीमापार गांव में टिल्लू पंप चालू करते समय एक अधेड़ व्यक्ति की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 July 2026, 5:23 PM IST

Gorakhpur : सहजनवा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां भीमापार गांव में शुक्रवार को बिजली करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

टिल्लू पंप चालू करते ही लगा करंट

जानकारी के मुताबिक, भीमापार निवासी राजेश कुमार शुक्ल (54 वर्ष) सुबह करीब 11 बजे अपने घर पर लगे टिल्लू पंप के पास स्नान करने गए थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने पंप का बिजली स्विच ऑन किया। अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

परिवार की चीख-पुकार से गूंजा घर

घटना के बाद जैसे ही परिजनों को जानकारी मिली, घर में अफरा-तफरी मच गई। लोग उन्हें बचाने की कोशिश करते रहे लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। राजेश शुक्ल की मौत की खबर फैलते ही गांव के लोग भी उनके घर पहुंचने लगे और परिवार को ढांढस बंधाने लगे। पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया है।

गोरखपुर के किसान सावधान: सड़क चौड़ीकरण से पहले करा लें ये काम, वरना हो सकती है बड़ी परेशानी

परिवार का सहारा थे राजेश शुक्ल

मृतक राजेश कुमार शुक्ल अपने परिवार के मुख्य सहारा थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है और गांव के लोग भी इस घटना से गमगीन हैं। ग्रामीणों के अनुसार वह मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर सहजनवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सहजनवा थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक बलराम पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  3 July 2026, 5:23 PM IST