Gorakhpur: लिंक एक्सप्रेस-वे किनारे झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची, ऐसे बची मासूम की जान

लिंक एक्सप्रेसवे किनारे झाड़ी में मिली नवजात बच्ची, ग्रामीण की सतर्कता से बची जिंदगी

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 11 October 2026, 6:46 AM IST

Gorakhpur: सिकरीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया। लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन किनारे झाड़ियों में कपड़े में लिपटी एक नवजात बच्ची मिली। झाड़ियों से आ रही बच्ची के रोने की आवाज ने टहलने निकले ग्रामीण का ध्यान खींचा।

मौके पर पहुंचकर नवजात को देखकर उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। ग्रामीण की सतर्कता से समय रहते बच्ची को बाहर निकाल लिया गया और उसकी जान बच गई।

मामला सिकरीगंज थाना क्षेत्र के धोबौली अंडरपास के पास का है। धोबौली गांव निवासी अशोक कुमार साहनी शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्हें लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन किनारे स्थित झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी।

पहले उन्होंने आसपास नजर दौड़ाई, लेकिन आवाज झाड़ियों के भीतर से आती महसूस हुई। इसके बाद वह आवाज की दिशा में आगे बढ़े तो कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची झाड़ियों में पड़ी मिली।

बच्ची का हो रहा उपचार

नवजात को इस हालत में देखकर अशोक कुमार साहनी ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बच्ची को झाड़ियों से बाहर निकाला और उसकी हालत देखते हुए तत्काल उपचार के लिए सिकरीगंज स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा ले जाया गया।

पुलिस ने नवजात के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद बच्ची को शहर स्थित चाइल्ड केयर में संरक्षण के लिए भेज दिया गया। वहां उसे नियमानुसार देखभाल और संरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

गोरखपुर में दीपक गुप्ता हत्याकांड का आरोपी रामपुर से गिरफ्तार, STF की पूछताछ में पशु तस्करी गिरोह को लेकर हुआ खुलासा

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। आखिर नवजात बच्ची को झाड़ियों में कौन और किन परिस्थितियों में छोड़कर गया, यह सवाल ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस मामले की आवश्यक जांच-पड़ताल कर रही है।

गोरखपुर में बड़ा हादसा, शाहपुर इलाके में गैस सिलेंडर ठीक करते समय लगी आग, चार लोग गंभीर रूप से झुलसे

नवजात बच्ची को चाइल्ड केयर भेजा

थानाध्यक्ष सिकरीगंज आशीष कुमार दुबे ने बताया कि नवजात बच्ची को सकुशल चाइल्ड केयर में रखवा दिया गया है। नियमानुसार उसकी देखभाल और संरक्षण की व्यवस्था की गई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  11 October 2026, 6:41 AM IST