दिल्ली से रहेगी Gorakhpur जंक्शन पर नजर; फेशियल रिकोग्निशन से पकड़े जाएंगे वांछित अपराधी

गोरखपुर जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेलवे 65 नए हाईटेक सीसी कैमरे लगाने जा रहा है। इनमें चार कैमरे फेसियल रिकोग्निशन सिस्टम से जुड़े होंगे, जो वांछित अपराधियों की पहचान कर आरपीएफ को अलर्ट करेंगे। नए कैमरे रेलवे बोर्ड और पूर्वोत्तर रेलवे के वार रूम से भी कनेक्ट रहेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 September 2026, 9:46 AM IST

गोरखपुर: यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए गोरखपुर जंक्शन पर रेलवे बड़ा कदम उठाने जा रहा है। अब रेलवे बोर्ड दिल्ली और पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के वार रूम से भी स्टेशन की लाइव निगरानी की जा सकेगी। इसके लिए जंक्शन परिसर में 65 नए हाई क्षमता वाले सीसी कैमरे लगाए जाएंगे।

इन कैमरों की मदद से चोरी, पॉकेटमारी, छिनैती और जहरखुरानी जैसी घटनाओं पर नियंत्रण लगाने की तैयारी है।

फेसियल रिकोग्निशन सिस्टम से होगी अपराधियों की पहचान

रेलवे द्वारा लगाए जा रहे नए कैमरों में चार कैमरे फेसियल रिकोग्निशन सिस्टम (FRS) से जुड़े होंगे। इस सिस्टम में रेलवे के सूचीबद्ध वांछित अपराधियों की तस्वीरें अपलोड की जाएंगी।

अगर कोई वांछित अपराधी स्टेशन परिसर में प्रवेश करता है तो कैमरे उसकी पहचान कर कंट्रोल रूम को तुरंत अलर्ट भेज देंगे। इसके बाद आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सकेंगे।

प्रतीक्षालय से लेकर प्लेटफार्म तक होगी निगरानी

नए सीसी कैमरे स्टेशन के महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए जा रहे हैं। इनमें प्रतीक्षालय, आरक्षण काउंटर, पार्किंग क्षेत्र, सभी प्रवेश द्वार, फुट ओवर ब्रिज और बुकिंग कार्यालय शामिल हैं।

रेलवे के अनुसार, कैमरों में डोम टाइप, बुलेट टाइप, पैन टिल्ट जूम और अल्ट्रा एचडी-4K आईपी कैमरे शामिल होंगे। इससे स्टेशन परिसर के अधिकतम हिस्से की निगरानी संभव होगी।

24 घंटे एक्टिव रहेगा कंट्रोल रूम

कैमरों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। यहां सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होगी, जो स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों की 24 घंटे निगरानी करेंगे।

रेलवे की योजना के मुताबिक, दशहरा तक सभी कैमरों को सक्रिय कर दिया जाएगा।

पुराने कैमरों की जगह लगेंगे नए सिस्टम

गोरखपुर जंक्शन पर निर्भया फंड के तहत लगाए गए पुराने 65 सीसी कैमरे अब कमजोर हो चुके हैं। वर्तमान में करीब 50 कैमरे ही काम कर रहे हैं और उनकी तस्वीरों की गुणवत्ता भी बेहतर नहीं है।

जांच और सुरक्षा व्यवस्था में दिक्कतों को देखते हुए नए हाईटेक कैमरे लगाने का फैसला लिया गया है।

रेलवे बोर्ड ने गोरखपुर और लखनऊ जंक्शन पर सीसी कैमरे लगाने के लिए 2,41,75,400 रुपये का बजट जारी किया है। आने वाले समय में लखनऊ मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी फेसियल रिकोग्निशन सिस्टम लगाए जाने की योजना है।

Location :  New Delhi

Published :  23 September 2026, 9:46 AM IST