10 अगस्त को तिरंगे के रंग में रंगेगा गोरखपुर! इन रास्तों से गुजरेगी भव्य हर घर तिरंगा यात्रा

गोरखपुर में स्वतंत्रता दिवस से पहले 10 अगस्त को भव्य हर घर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यात्रा का शुभारंभ करने के साथ खुद नेतृत्व करेंगे। नगर निगम पार्क से शुरू होकर यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी और महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर समापन होगा।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 8 August 2026, 2:17 PM IST

Gorakhpur: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गोरखपुर में 10 अगस्त को भव्य ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा की अगुवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मुख्यमंत्री नगर निगम पार्क स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वह खुद तिरंगा यात्रा में शामिल होकर शहरवासियों के साथ कदम से कदम मिलाएंगे।

नगर निगम पार्क से शुरू होगी यात्रा

तिरंगा यात्रा नगर निगम पार्क से शुरू होगी। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री रास्ते में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण करेंगे।

इन प्रमुख रास्तों से गुजरेगी तिरंगा यात्रा

यात्रा गोलघर, पुलिस लाइन और यातायात चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक जाएगी। यहां पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद कार्यक्रम का समापन होगा। समापन अवसर पर मुख्यमंत्री विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

यूपी में Gen-Z का दिल जीतने की तैयारी में BJP, पेपर लीक की नाराजगी दूर करने को तैयार हुआ खास एक्शन प्लान

प्रशासन ने तेज की तैयारियां

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी दीपक मीणा के नेतृत्व में अधिकारियों ने पूरे यात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, डिवाइडर, सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

यात्रा मार्ग को तिरंगा थीम से सजाने की भी तैयारी है। सफाई, फॉगिंग और रंग-रोगन का विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आयोजन के दौरान शहर की तस्वीर बदली हुई नजर आए।

सुरक्षा और ट्रैफिक पर भी रहेगी नजर

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन भी तैयार किया जा रहा है।

Kanpur Accident: मोतीझील में घूमने निकले दंपती को कार ने मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद चालक फरार

9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान

‘हर घर तिरंगा’ अभियान 9 से 17 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान लोगों को घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और सरकारी कार्यालयों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ा गया है।

प्रशासन का लक्ष्य इस आयोजन को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी के महाउत्सव के रूप में आयोजित करना है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा को लेकर तैयारियां लगातार जारी हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  8 August 2026, 2:14 PM IST