गोरखपुर: पूर्व कैबिनेट मंत्री फतेह बहादुर सिंह सड़क हादसे में घायल, गाड़ी पलटी, इलाज जारी

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा होने की खबर है। पूर्व मंत्री फतेह बहादुर सिंह इस हादसे में जख्मी हो गये हैं। पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 June 2025, 1:18 PM IST

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के हाल ही में उद्घाटित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर सोमवार देर शाम करीब 7 बजे सिकरीगंज थाना क्षेत्र महादेवा के पास एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह के पुत्र कैंपियरगंज से भाजपा विधायक और राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री फतेह बहादुर सिंह इस सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गये। फतेह बहादुर सिंह के साथ उनके सुरक्षाकर्मी और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। घायलों को इलाज के लिए अग्रवाल  हॉस्पिटल, जुबली रोड में भर्ती कराया गया है।

डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब फतेह बहादुर सिंह कार में सवार होकर गोरखपुर की ओर जा रहे थे। उनकी स्कॉर्ट की गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। उसी समय पीछे से आ रही उनकी लग्जरी कार भी उससे भिड़ गई, जिससे टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि कार में सवार सभी लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस सेवा तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को शहर के अग्रवाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, पूर्व मंत्री खतरे से बाहर हैं, उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जिसका डाक्टरों ने प्लास्टर किया है।

सुरक्षाकर्मी की स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने सभी घायलों को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया है।

गौर करने वाली बात है कि हादसे के दौरान एयरबैग खुल जाने से और बड़ा नुकसान टल गया। यदि सुरक्षा उपकरण न होते तो जानमाल की क्षति और भी भयावह हो सकती थी।

यह दुर्घटना उस एक्सप्रेसवे पर हुई है, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में जनता को समर्पित किया था। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

फतेह बहादुर सिंह के समर्थक, परिजन और राजनीतिक शुभचिंतक बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर एकत्र हैं।

यह घटना केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन और आम जनता दोनों के लिए चेतावनी है कि विकास के साथ सुरक्षा को प्राथमिकता देना कितना जरूरी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हादसे के पीछे के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 23 June 2025, 8:21 PM IST