चुनावी बिगुल से पहले अलर्ट मोड में गोरखपुर प्रशासन, ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था का हुआ रियलिटी चेक

गोरखपुर में चुनावी रण की तैयारी तेज हो गई है। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ईवीएम की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्ट्रेट से लेकर ईवीएम वेयरहाउस तक खुद डीएम ने मोर्चा संभाला और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 21 September 2026, 11:35 PM IST

Gorakhpur: विधानसभा निर्वाचन 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर और असुरन स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट के सुरक्षित भंडारण, डबल लॉक व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन के लिए सुरक्षित रखी गई एम-3 मॉडल की ईवीएम मशीनों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार डबल लॉक में रखा गया है। वेयरहाउस में कुल 10,125 बैलेट यूनिट (बीयू), 6,082 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 5,872 वीवीपैट मशीनें सुरक्षित हैं। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों के भंडारण और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कोताही बर्दाश्त नहीं

डीएम दीपक मीणा ने कहा कि विधानसभा निर्वाचन 2027 की तैयारियां समय से पूरी करना प्रशासन की प्राथमिकता है। ईवीएम और वीवीपैट चुनाव प्रक्रिया के महत्वपूर्ण अंग हैं, इसलिए इनके रखरखाव, सुरक्षित भंडारण और निगरानी में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने तथा नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

गोरखपुर में हुआ शानदार दंगल, पहलवानों के दांव-पेंच ने जीता लोगों का दिल

डीएम ने अधिकृत प्रतिनिधियों के सामने किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ राजनीतिक दलों और मतदाताओं का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निरीक्षण कराया जा रहा है, ताकि भंडारण व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की प्रत्यक्ष जानकारी उपलब्ध हो सके।

उन्होंने प्रवेश-निकास, डबल लॉक और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित जांच करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

दवा लेने गई थी फूलमती देवी और पीछे से उजड़ गई गृहस्थी, गोरखपुर में नाती ने ही उड़ाई अपनी ही नानी की गाढ़ी कमाई

ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त/उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शंकर मिश्र सहित भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी और अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयारियां आगे बढ़ाने की जानकारी दी।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 September 2026, 11:33 PM IST