
सिपाही अर्जुन राम को पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सड़क हादसे ने पुलिस विभाग को गहरे शोक में डाल दिया। चौरी चौरा थाना क्षेत्र के देवीपुर गांव के पास शुक्रवार रात ट्रक की टक्कर से झंगहा थाने में तैनात आरक्षी अर्जुन राम की मौत हो गई।
वह क्षेत्राधिकारी कार्यालय से सरकारी कागजात लेकर मोटरसाइकिल से थाने जा रहे थे। हादसे के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस शहीद स्मृति स्थल पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बलिया जिले के रहने वाले अर्जुन राम पुत्र तेज प्रताप गौड़ गोरखपुर के झंगहा थाने में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर तैनात थे। शुक्रवार रात करीब दस बजे वह चौरी चौरा स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय से सरकारी कागजात लेकर झंगहा थाने के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे।
वह देवीपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही चौरी चौरा पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए एम्स अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- खेत के तारों में दौड़ता करंट और एक झटके में उजड़ी 12बेजुबान जिंदगियां! हाथरस में बंदरों और दो कुत्तों की दर्दनाक मौत
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। सरकारी काम से निकले एक पुलिसकर्मी की इस तरह मौत होने से विभाग में शोक का माहौल है।
अर्जुन राम करीब दो साल तक चौरी चौरा थाने में तैनात रहे थे। लगभग एक साल पहले उनका स्थानांतरण झंगहा थाने में किया गया था। उनका परिवार चौरी चौरा थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में रहता है। हादसे की खबर परिवार तक पहुंचते ही घर में मातम छा गया। उनकी पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। कर्तव्य निभाते हुए अपने साथी को खोने से पुलिसकर्मी भी गमगीन हैं।
ये भी पढ़ें- लूट की कहानी सुनाकर पुलिस को गुमराह करता रहा पति? मंजू देवी की हत्या के मामले में पूछताछ से खुली नई परत
शनिवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस शहीद स्मृति स्थल पर दिवंगत आरक्षी अर्जुन राम को श्रद्धांजलि दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धूमावत, पुलिस अधीक्षक अपराध अयोध्या प्रसाद सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी लाइन अरुणकुमार एस, प्रतिसार निरीक्षक अविचित पांडेय समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ा दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 17 October 2026, 3:55 PM IST