सीएम डैशबोर्ड की खराब रैंकिंग पर मंडलायुक्त का बड़ा अलर्ट, खराब प्रदर्शन वाले विभागों को चेतावनी

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग को लेकर मंडलायुक्त ने अधिकारियों को सख्त संदेश दिया है। कई योजनाओं की प्रगति और परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा के दौरान लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत दिए गए।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 26 August 2026, 11:19 AM IST

Gorakhpur: मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विकास योजनाओं की खराब रैंकिंग अब अधिकारियों के लिए भारी पड़ सकती है। आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने मंडल के चारों जिलों में संचालित विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और फ्लैगशिप योजनाओं की मासिक समीक्षा करते हुए लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खराब प्रदर्शन करने वाले विभाग तत्काल सुधार करें, अन्यथा जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों को दिए गए निर्देश

मंडलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित ग्रेड और रैंकिंग की आंकड़ेवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में बेहतर प्रदर्शन हो रहा है, उसे हर हाल में बरकरार रखा जाए। वहीं खराब श्रेणी में आने वाले विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तत्काल प्रगति सुनिश्चित करें।

एक करोड़ से अधिक लागत वाली रेड श्रेणी की परियोजनाओं की समीक्षा में उन्होंने विशेष सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज परियोजनाओं में यदि निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं हुआ है तो देरी का स्पष्ट और उचित कारण दर्ज कर नियमानुसार समयावधि बढ़वाने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

ये भी पढे़ं- Deoria News: रात के अंधेरे में किशोर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती

संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर जताई नाराजगी

अगली समीक्षा में संतोषजनक कारण प्रस्तुत नहीं करने वाले विभागों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में महाराजगंज की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने बैंकर्स, विद्युत विभाग और संबंधित वेंडर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लक्ष्य पूरा कराने के निर्देश दिए। विद्युत बिल सुधार के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण और उपभोक्ताओं को नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने फैमिली आईडी, जल जीवन मिशन और जननी सुरक्षा योजना की भी समीक्षा की। जननी सुरक्षा योजना में पात्र लाभार्थियों को अभियान चलाकर पांच दिन के भीतर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। नई सड़कों के निर्माण और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समयबद्ध ढंग से कराने को कहा।

ये भी पढे़ं- Sultanpur: सुलतानपुर में एक्सप्रेसवे पर ट्रक से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रोजेक्ट अलंकार और पोषण अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। अनुपस्थित अधिकारियों से कारण सहित आख्या मांगी गई। बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी सहित अधिकारी मौजूद रहे। महाराजगंज, देवरिया और कुशीनगर के डीएम व सीडीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 August 2026, 11:19 AM IST