गोरखपुर में मोबाइल छीनकर भागे शातिरों का खेल खत्म, पुलिस ने ऐसे दबोचा

गोरखपुर में मोबाइल छिनैती की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए शातिर ज्यादा दिन पुलिस से बच नहीं सके। एआईएमएस गेट के सामने युवती से मोबाइल छीनने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 27 August 2026, 12:37 AM IST

Gorakhpur: एआईएमएस अस्पताल के गेट नंबर चार के सामने रात के समय पैदल जा रही युवती से मोबाइल छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को एआईएमएस थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छिनैती का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई छिनैती की घटना का खुलासा हो गया है।

पुलिस के अनुसार अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण तथा एआईएमएस थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।

पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त 2026 की रात करीब 9:55 बजे वादिनी अपनी रूम पार्टनर के साथ सिंघड़िया से पैदल एआईएमएस अस्पताल जा रही थी। दोनों जैसे ही एआईएमएस अस्पताल के गेट नंबर चार के सामने पहुंचीं, तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर एआईएमएस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तार आरोपी

जांच के दौरान पुलिस टीम ने राकेश निषाद पुत्र संतोष निषाद निवासी सैनपुर टोला, थाना खोराबार, गोरखपुर तथा प्रभुनाथ राजभर पुत्र रामा राजभर निवासी रामपुर चकिया टोला बरैठवां, थाना श्यामदेउरवा, महराजगंज को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से छिनैती का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।

गोरखपुर में कुछ घंटे में गायब हो गई बाइक, जांच शुरू हुई तो सामने आया चोरी का बड़ा खेल

पुलिस की कार्रवाई

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 265/2026 में धारा 309(4), 317(2) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता की बढ़ोतरी की है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

नेपाल में उफान, गोरखपुर में धड़कनें तेज! क्या सैलाब के आगोश में समा जाएंगे गांव? खौफ में कट रही रातें

गिरफ्तारी करने वाली टीम

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार पाण्डेय, महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार, उपनिरीक्षक सत्यम मिश्रा, उपनिरीक्षक राजवंश सिंह, कांस्टेबल अनुज सिंह और कांस्टेबल राहुल कुमार यादव द्वितीय शामिल रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 August 2026, 12:35 AM IST