
गोरखपुर में गैंगस्टर एक्ट की बड़ी कार्रवाई(Source: Google)
Gorakhpur: जनपद में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एम्स पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय आपराधिक गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना एम्स प्रभारी निरीक्षक की टीम ने गैंग लीडर श्याम यादव और उसके तीन सहयोगियों मनोज यादव, राहुल यादव उर्फ पन्नेलाल यादव तथा रमन पासवान को चिन्हित करते हुए इनके खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और आम लोगों में भय और आतंक का माहौल बनाकर मारपीट, गंभीर रूप से घायल करने, जान से मारने की धमकी देने और धोखाधड़ी कर पैसे हड़पने जैसे अपराधों को अंजाम देता था। गिरोह के सरगना श्याम यादव का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है, जिसमें हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी, रंगदारी और महामारी अधिनियम के उल्लंघन जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं।
देवरिया प्रशासन की बड़ी कामयाबी: गांव-गांव पहुंचा न्याय… एक ही दिन में 107 केस सुलझे
जिलाधिकारी गोरखपुर की स्वीकृति के बाद पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर सभी आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट के दायरे में लाया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आरोपियों की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के खिलाफ पहले भी कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन लगातार अपराध करने की प्रवृत्ति के चलते अब इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी हो गई थी। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद आरोपियों की संपत्तियों की भी जांच की जाएगी और अवैध रूप से अर्जित संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
इस सख्त कदम से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Location : Gorakhpur
Published : 1 May 2026, 4:06 AM IST