UPPSC में नौकरी का सुनहरा मौका कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामर समेत 47 पदों पर नोटिफिकेशन जारी

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने विभिन्न विभागों पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 3 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 August 2026, 2:36 PM IST

Prayagraj: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने वर्ष 2026 के लिए विभिन्न विभागों में कुल 47 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी, एस्टेट मैनेजर, वास्तु सहायक, माइक्रोबायोलॉजिस्ट, प्रबंधक (सिस्टम), वरिष्ठ प्रोग्रामर और प्रोग्रामर ग्रेड-2 सहित कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 3 सितंबर 2026 तक आवेदन शुल्क जमा कर अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं। यदि आवेदन पत्र में किसी प्रकार की गलती हो जाती है तो उसे 10 सितंबर 2026 तक संशोधित किया जा सकेगा।

यहां भी पढ़ें: Triple Murder in Prayagraj: प्रयागराज में सनसीखेज वारदात; तीन दिव्यांगों की निर्मम हत्या

इन पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत विभिन्न विभागों में कुल 47 पद भरे जाएंगे। इनमें वास्तु सहायक के 14 पद, एस्टेट मैनेजर के 11 पद, माइक्रोबायोलॉजिस्ट के 12 पद, प्रबंधक (सिस्टम) का 1 पद, वरिष्ठ प्रोग्रामर का 1 पद, प्रोग्रामर ग्रेड-2 का 1 पद और कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी के 7 पद शामिल हैं।

क्या है शैक्षणिक योग्यता?

हर पद के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। वास्तु सहायक के लिए 12वीं के साथ आर्किटेक्चर में डिप्लोमा आवश्यक है। एस्टेट मैनेजर के लिए स्नातक डिग्री, जबकि एमबीए या प्रबंधन में पीजी डिप्लोमा रखने वालों को प्राथमिकता मिलेगी। माइक्रोबायोलॉजिस्ट के लिए संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री और तीन वर्ष का अनुभव जरूरी है। वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर, प्रबंधक (सिस्टम), वरिष्ठ प्रोग्रामर और प्रोग्रामर ग्रेड-2 के लिए स्नातक के साथ कंप्यूटर से संबंधित डिप्लोमा या समकक्ष योग्यता अनिवार्य है।

आयु सीमा और वेतन

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है। दिव्यांग (PwD) अभ्यर्थियों को अधिकतम 55 वर्ष तक आयु सीमा में छूट मिलेगी। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार लेवल-5 से लेवल-7 तक का वेतनमान मिलेगा। कुछ पदों पर वेतन 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित है।

यहां भी पढ़ें: Prayagraj : चाय की दुकान पर पहुंचा अधिकारी, कुछ देर बाद जो हुआ उसने मचा दी हलचल

आवेदन से पहले पढ़ें नोटिफिकेशन

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक भर्ती विज्ञापन को ध्यान से पढ़ें। योग्यता, अनुभव, आयु सीमा और आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने के बाद ही आवेदन करें, ताकि आवेदन खारिज होने की संभावना न रहे।

Location :  Prayagraj

Published :  4 August 2026, 2:36 PM IST