
प्रतीकात्मक छवि
Ghaziabad: गाजियाबाद में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। एक तरफ अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं, तो दूसरी ओर लो-वोल्टेज और बार-बार फाल्ट के कारण घरों के विद्युत उपकरण फुंक रहे हैं। साहिबाबाद क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी और कृष्णा विहार कुटी समेत जिले की 10 से ज्यादा कॉलोनियों में बीते दो दिनों में 500 से अधिक घरों के एसी, कूलर, पंखे और एलईडी खराब हो गए हैं। इससे लोगों को लाखों रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है।
टीला मोड़, वैशाली, वसुंधरा, इंदिरापुरम, कौशांबी, राजेंद्र नगर, लाजपत नगर, डीएलएफ, लोनी, खोड़ा, विजय नगर, गोविंदपुरम और मधुबन बापूधाम समेत लगभग पूरे जिले में लोग बिजली कटौती से जूझ रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में घंटों बिजली गायब रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं। यहां बीते दो दिनों में 150 से अधिक घरों के विद्युत उपकरण फुंक गए। लोगों ने खराब हुए उपकरणों की तस्वीरें कॉलोनी के व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर कर बिजली विभाग पर नाराजगी जताई। स्थानीय निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि उनके घर में सिर्फ एक पंखा और कूलर था, दोनों ही खराब हो गए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब बिजली आए या न आए, कोई फर्क नहीं पड़ता।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विद्युत निगम उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा। लोगों का कहना है कि अधिकारी न तो फोन उठा रहे हैं और न ही मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कर रहे हैं। भीषण गर्मी में बिजली संकट और उपकरण खराब होने से लोगों में भारी नाराजगी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग अचानक बढ़ गई है, जिससे ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों पर दबाव बढ़ रहा है। इसके चलते लो-वोल्टेज और फाल्ट की समस्या लगातार सामने आ रही है। हालांकि लोगों का कहना है कि बिजली विभाग पहले से तैयारी करता तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
Location : Ghaziabad
Published : 21 May 2026, 2:15 PM IST
Topics : Ghaziabad Power Cut ghaziabad news Low Voltage Problem Sahibabad Electricity Issue UP power crisis