
कांवड़ छूने भर से बंधक बनाकर किया पिटाई (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Ghaziabad: कांवड़ यात्रा के दौरान गाजियाबाद में कांवड़ खंडित होने के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हो गया। कांवड़ियों ने एक युवक पर कांवड़ को छूने का आरोप लगाते हुए उसे बीच सड़क घेर लिया और थप्पड़-घूंसे बरसाए। आरोप है कि युवक को करीब 20 मिनट तक रोककर रखा गया। घटना के कारण गुलधर स्टेशन के पास सड़क पर भारी भीड़ जुट गई और दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कांवड़ियों को शांत कराया। इसके बाद धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कांवड़ की दोबारा विधि-विधान से पूजा कराई गई और कांवड़िए अपनी यात्रा पर आगे रवाना हो गए।
राजस्थान के भरतपुर निवासी सोनू कुमार अपने गांव के करीब 15 अन्य कांवड़ियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर वापस लौट रहे थे। सभी कांवड़िए अपने गांव पहुंचकर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने की तैयारी में थे। इसी दौरान रास्ते में एक युवक के कांवड़ से छू जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। सोनू ने युवक से उसका नाम पूछा तो उसने अपना नाम इमरान बताया। कांवड़ियों का आरोप है कि युवक के कांवड़ को छूने से उनकी कांवड़ खंडित हो गई और उनकी धार्मिक यात्रा प्रभावित हुई।
Sawan 2026: सावन में घर ला रहे हैं शिवलिंग? तो रुकिए! स्थापना से पहले जरूर जान लें यह एक जरूरी नियम
आरोप है कि कांवड़ियों ने युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच सड़क युवक पर थप्पड़ और घूंसे बरसाए गए। युवक को करीब 20 मिनट तक मौके पर रोके रखा गया। हंगामा बढ़ता देखकर आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन उस समय कांवड़िए शांत होने के लिए तैयार नहीं हुए। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।
कांवड़िया सोनू कुमार ने बताया कि वह 21 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे हरिद्वार से कांवड़ लेकर निकला था। उसने दावा किया कि यात्रा के दौरान उसने केवल तीन बार आराम किया और पूरे रास्ते धार्मिक नियमों का पालन किया। सोनू को हर हाल में 10 अगस्त तक अपने गांव पहुंचना है और 11 अगस्त को गांव के शिव मंदिर में गंगाजल से जलाभिषेक करना है। सोनू ने कहा कि रास्ते में कांवड़ खंडित होने से उसे लगा कि उसकी पूरी यात्रा और मेहनत बेकार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मधुबन बापूधाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद उनकी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कांवड़ की दोबारा विधि-विधान से पूजा कराई गई। पूजा के बाद कांवड़ियों ने अपनी यात्रा आगे जारी रखी। हंगामे के कारण गुलधर स्टेशन के पास करीब 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा।
Location : Ghaziabad
Published : 31 July 2026, 9:21 AM IST
Topics : Ghaziabad Kanwar Yatra Kanwariya Sawan 2026 Traffic Jam