
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
Ghaziabad: गाजियाबाद में सोशल मीडिया पर सस्ते दाम में डॉग खरीदने का लालच एक महिला को भारी पड़ गया। इंदिरापुरम निवासी अंजू शांडिल्य, जो पेशे से टीचर हैं, साइबर ठगों के झांसे में आकर 2 लाख 26 हजार रुपये गंवा बैठीं। ठगों ने फेसबुक पर "सतीश शॉप" नाम से विज्ञापन डालकर बेहद कम कीमत में अलग-अलग नस्लों के पालतू कुत्ते बेचने का दावा किया था।
महिला लंबे समय से पालतू डॉग खरीदने की तलाश में थीं। इसी दौरान उनकी नजर फेसबुक पर दिए गए विज्ञापन पर पड़ी। विज्ञापन में मात्र 3 हजार रुपये में डॉग देने की बात कही गई थी। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपी ने महिला को कई नस्लों के कुत्तों की तस्वीरें भेजीं। इनमें से एक डॉग महिला को पसंद आ गया।
डॉग पसंद आने के बाद महिला ने उसे बुक करा लिया। आरोपी ने सबसे पहले 1 हजार रुपये एडवांस के तौर पर ट्रांसफर करने को कहा। अगले दिन महिला ने बाकी 2 हजार रुपये भी बताए गए खाते में भेज दिए।
गाजियाबाद में 12 गाड़ियों के साथ जिंदा जला 80 साल का बुजुर्ग, पढ़ें खौफनाक मंजर की दर्दनाक कहानी
इसके बाद साइबर ठगों ने नया बहाना बनाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने कहा कि पैसे खाते में नहीं पहुंचे हैं और दोबारा रकम भेजने के लिए कहा। महिला ने भरोसा करते हुए फिर से पैसे ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद ठगों ने ट्रांसपोर्ट चार्ज, बीमा शुल्क, रजिस्ट्रेशन फीस और अन्य खर्चों के नाम पर लगातार पैसे मांगने शुरू कर दिए। हर बार आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि डॉग की डिलीवरी होने के बाद अतिरिक्त रकम वापस कर दी जाएगी।
पीड़िता के अनुसार 9 मई से 12 मई के बीच अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे करीब 2.26 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। काफी रकम देने के बावजूद न तो डॉग की डिलीवरी हुई और न ही कोई पैसा वापस मिला। इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ।
गाजियाबाद में 12 गाड़ियों के साथ जिंदा जला 80 साल का बुजुर्ग, पढ़ें खौफनाक मंजर की दर्दनाक कहानी
ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने 17 मई की रात इंदिरापुरम थाने में साइबर फ्रॉड का केस दर्ज कराया। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि साइबर सेल मामले की जांच कर रही है। जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उनकी डिटेल खंगाली जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आने वाले आकर्षक ऑफर्स और कम कीमत के लालच में आने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें। ऑनलाइन खरीदारी से पहले विक्रेता की विश्वसनीयता जांचना बेहद जरूरी है।
Location : Ghaziabad
Published : 18 May 2026, 9:42 AM IST
Topics : Facebook Scam Ghaziabad cyber fraud Indirapuram police online dog scam Online Shopping Scam