
गंगा एक्सप्रेसवे (Image Source: Google)
Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे के लिए टोल दरों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। जारी सूची के अनुसार दोपहिया वाहन, तिपहिया और ट्रैक्टर के लिए 1.28 रुपये प्रति किलोमीटर टोल तय किया गया है। कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों को 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर देना होगा। हल्के वाणिज्यिक वाहन, मिनीबस और लाइट गुड्स व्हीकल के लिए यह दर 4.05 रुपये प्रति किलोमीटर रखी गई है।
वहीं भारी वाहनों जैसे बस और ट्रक के लिए 8.20 रुपये प्रति किलोमीटर टोल निर्धारित किया गया है। मल्टी-एक्सल और भारी मशीनरी वाहनों पर 12.60 रुपये प्रति किलोमीटर का शुल्क लगेगा, जबकि 7 या उससे अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज वाहनों के लिए सबसे अधिक 16.10 रुपये प्रति किलोमीटर टोल देना होगा। यह व्यवस्था आधुनिक सड़क परिवहन प्रणाली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लागू की गई है।
गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से पश्चिमी यूपी और पूर्वांचल के बीच यात्रा बेहद आसान हो जाएगी। अब मेरठ से प्रयागराज तक का सफर तेज गति और सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सकेगा। एक्सप्रेसवे पर वाहनों को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की अनुमति होगी, जिससे यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी।
साइबर ठगी पर बड़ा प्रहार: व्हाट्सऐप ने हटाए हजारों अकाउंट्स, साइबर ठगों में हड़कंप
यह परियोजना न केवल यात्रियों को सुविधा देगी बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। कुंभ और अर्धकुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को अब लंबी दूरी तय करने में कम समय लगेगा, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुगम और आरामदायक होगी।
गंगा एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं बल्कि क्षेत्रीय विकास का बड़ा माध्यम साबित होने जा रहा है। इस मार्ग पर 12 स्थानों पर एग्जिट पॉइंट बनाए गए हैं, जहां यात्री धार्मिक स्थलों का दर्शन कर सकेंगे। इससे टेंपल इकोनॉमी को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, खासकर गढ़मुक्तेश्वर और संभल जैसे क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी।
वहीं सदरपुर गांव में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। डीएम कविता मीणा ने अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा के लिए करीब 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। स्थानीय लोग इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने को क्षेत्र के विकास के लिए एक बड़ा कदम मान रहे हैं।
Location : Uttar Pradesh
Published : 29 April 2026, 8:47 PM IST