नोएडा में कुछ बड़ा होने वाला है, विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 15 जून…

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से व्यावसायिक उड़ान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। इंडिगो की पहली फ्लाइट के साथ एयरपोर्ट संचालन की शुरुआत होगी। शुरुआती चरण में 17 उड़ानें प्रस्तावित हैं, जबकि करीब 70 फ्लाइट्स के प्रस्ताव मिल चुके हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 1 May 2026, 5:25 PM IST
google-preferred

Noida : देश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) अब संचालन की ओर तेजी से बढ़ रहा है। लंबे इंतजार के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने घोषणा की है कि 15 जून से व्यावसायिक उड़ान सेवाएं शुरू हो जाएंगी। पहली कमर्शियल फ्लाइट इंडिगो द्वारा संचालित की जाएगी। इसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी।

करीब 70 उड़ानों के प्रस्ताव

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, अलग-अलग एयरलाइंस कंपनियों से पहले ही करीब 70 उड़ानों के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इन प्रस्तावों के आधार पर देश के प्रमुख शहरों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना तैयार की जा रही है। यीडा और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) के स्तर पर कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत को लेकर लगातार तैयारियां की जा रही हैं।

नोएडा हिंसा में बड़ा एक्शन, DCP शैव्या गोयल और ACP सेंट्रल को हटाया गया, इन दो अफसरों को मिली ये जिम्मेदारी

नायल के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट संचालन को समय पर शुरू करने के लिए सभी जरूरी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। इंडिगो के अलावा अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी अपनी सेवाएं शुरू करने के लिए प्रस्ताव दिए हैं। जिससे यात्रियों को कई विकल्प मिल सकेंगे।

शुरुआत में 17 फ्लाइट्स से संचालन

प्रारंभिक चरण में एयरलाइंस कंपनियों ने एयरपोर्ट से 17 उड़ानें संचालित करने का प्रस्ताव रखा है। संबंधित मंजूरी मिलने के बाद टिकट बुकिंग सेवा शुरू करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इससे यात्रियों को जल्द ही नई उड़ानों की बुकिंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

नोएडा फैक्ट्री में अचानक लगी आग, पांच दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा; बड़ा हादसा टलते-टलते बचा

एयरपोर्ट के पहले चरण में घरेलू और कार्गो टर्मिनल तैयार हो चुके हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का निर्माण कार्य जारी है। प्रथम चरण में 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस परियोजना में 3900 मीटर लंबा रनवे, आधुनिक यात्री टर्मिनल, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और कार्गो हब शामिल हैं।

एयरपोर्ट से बढ़ेगा विकास और निवेश

28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एयरपोर्ट का उद्घाटन किया गया था। अब इसके संचालन से यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट परियोजना के कारण आसपास के क्षेत्रों में जमीन की मांग तेजी से बढ़ी है और निवेशकों की रुचि भी बढ़ी है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अनुसार, प्रति यात्री औसतन 496 रुपये की आय का अनुमान है। आने वाले सालों में एयरपोर्ट सरकार के लिए बड़ा राजस्व स्रोत बन सकता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले 30 सालों में एयरपोर्ट से कुल आय एक लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।

Location :  Noida

Published :  1 May 2026, 5:25 PM IST

Advertisement