रायबरेली CHC में आग का तांडव, कबाड़ में खड़ी दो एंबुलेंस राख

रायबरेली के लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को कबाड़ में खड़ी दो एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 April 2026, 3:51 PM IST

Raebareli: रायबरेली के लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब परिसर में कबाड़ के रूप में खड़ी दो एंबुलेंस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि समय रहते सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

कबाड़ में खड़ी एंबुलेंस बनी आग का शिकार

जानकारी के मुताबिक, अस्पताल परिसर में लंबे समय से कबाड़ के रूप में खड़ी दो एंबुलेंस में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दोनों वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गए। घटना के वक्त अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी, जिससे राहत कार्य समय पर शुरू हो सका।

रायबरेली में सियासी घमासान: अम्बेडकर मूर्ति विवाद ने पकड़ा तूल, विधायक बोले- दबाव में हुई कार्रवाई

फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी, तब जाकर हालात काबू में आए। फायर इंचार्ज मुकेश गिरी के मुताबिक, सूचना मिलते ही टीम को तुरंत रवाना किया गया और प्राथमिकता के आधार पर आग बुझाने का अभियान चलाया गया।

अस्पताल प्रशासन भी हरकत में

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन भी सक्रिय हो गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमल पटेल ने बताया कि जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।

एक ही दिन में बरपा तीन कहर: पेड़, खंभा और सड़क हादसे ने छीनी जिंदगियां; रायबरेली में मातम का मंजर

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस और अग्निशमन विभाग दोनों मिलकर इस मामले की संयुक्त जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आग किसी तकनीकी कारण से लगी या इसके पीछे कोई और वजह है।

Location :  Raebareli

Published :  15 April 2026, 3:51 PM IST