ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सबसे बड़ी मार्केट की 8 दुकानें खाक, 20 फीट तक उठीं लपटें

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सबसे बड़े बाजार में शुक्रवार रात को बड़ा धमाका हुआ। शाहबेरी में आग ने 8 दुकानों को जला दिया, वहीं फैक्ट्री में लाखों का सामान राख हो गया। दमकल की 32 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। किसी जनहानि की खबर नहीं है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 11:56 AM IST

Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सबसे बड़े बाजार में शुक्रवार को बड़ा अग्निकांड हुआ है। शाहबेरी फर्नीचर मार्केट और नोएडा के सेक्टर-2 की एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगी और धुएं का गुबार 2 किलोमीटर तक फैल गया। धमाकों की आवाजों ने लोगों में अफरा-तफरी मचा दी और सड़कें जाम हो गई।

शाहबेरी मार्केट में भीषण आग

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 32 गाड़ियां मौके पर पहुंची और पुलिस के साथ मिलकर राहत कार्य शुरू किया गया। आग इतनी विकराल थी कि आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते 6 फर्नीचर और 2 प्लास्टिक की दुकानें जलकर राख हो गईं। लगभग 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

धमाकों और अवैध बाजार से फैली दहशत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग सबसे पहले एक प्लास्टिक की दुकान में लगी थी, जो कुछ ही मिनटों में पूरे बाजार में फैल गई। आग के दौरान कई धमाकों की आवाजें सुनाई दी। जिससे इलाके में दहशत फैल गई। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि गोदाम में ज्वलनशील केमिकल और पेंट के डिब्बे होने की आशंका है।

सेक्टर-2 फैक्ट्री में भी आग की घटना

वहीं, नोएडा फेज-1 थाना क्षेत्र के सेक्टर-2 में स्थित एक कपड़ों की फैक्ट्री में भी शुक्रवार शाम अचानक आग लग गई। आग तीसरी मंजिल पर बने टीन शेड में रखे सामान में लगी। जिससे कुछ ही समय में पूरा परिसर धुएं से भर गया। दमकल की दो गाड़ियां और 15 कर्मी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया।

Location :  Greater Noida West

Published :  16 May 2026, 11:56 AM IST