Unique Wedding: यूपी में अनोखी शादी, अलग अंदाज में विवाह के बंधन में बंधे प्रेमी युगल; अब चारों ओर चर्चा

जिला फतेहपुर क्षेत्र के किशनपुर कस्बा स्थित फाल्गुन गिरी मंदिर में रविवार दोपहर प्रेमी युगल ने दोनों परिवार की मौजूदगी में आपसी सहमति से एक दूसरे को वरमाला डालकर साथ में रहने की कसमें खाईं।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 8 June 2026, 4:19 PM IST

Fatehpur: ब्लाक विजयपुर, जिला फतेहपुर क्षेत्र के किशनपुर कस्बा स्थित ऐतिहासिक फाल्गुन गिरी मंदिर में रविवार दोपहर एक अनोखा विवाह देखने को मिला। यहाँ एक प्रेमी युगल ने अपने-अपने परिवारों की मौजूदगी और आपसी सहमति से एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खाईं।

शुक्रवार को परिजनों को लगी थी भनक

जानकारी के मुताबिक, किशनपुर थाना क्षेत्र के धाने (मजरे गढ़ा) निवासी आशीष कुमार पुत्र मुन्ना निषाद का क्षेत्र के ही भीखमपुर (मजरा कछरा) गांव की रहने वाली सीता देवी पुत्री बालकृष्ण दास के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते शुक्रवार को इस बात की जानकारी दोनों के परिवारों को हुई। परिजनों ने बच्चों की खुशी को प्राथमिकता देते हुए समाज के सामने दोनों की शादी कराने का फैसला लिया।

रीति-रिवाज से संपन्न हुआ विवाह

रविवार को दोनों पक्षों के लोग और रिश्तेदार किशनपुर कस्बा के फाल्गुन गिरी मंदिर में एकत्र हुए। यहाँ हिंदू रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रेमी युगल ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई। इसके बाद आशीष ने सीता की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी जीवनसंगिनी बनाया। दोनों ने मंदिर में भगवान के दर्शन कर सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद लिया।

ग्राम प्रधान और संभ्रांत लोग बने गवाह

इस अनोखे और शांतिपूर्ण विवाह के गवाह कछरा ग्राम प्रधान वीरभान सिंह, गाजीपुर ग्राम प्रधान गोवर्धन निषाद और उमेश निषाद सहित क्षेत्र के कई संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। दोनों परिवारों ने नवविवाहित जोड़े को मिठाई खिलाकर उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया। क्षेत्र में इस शादी की काफी चर्चा है।

Location :  Fatehpur

Published :  8 June 2026, 4:19 PM IST