
प्रतीकात्मक फोटो (img: pinterest)
Fatehpur News: फतेहपुर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। राधानगर थाना क्षेत्र के फुलवामऊ गांव में एक महिला पर अपने ही मासूम बेटे के साथ बेहद क्रूर व्यवहार करने का आरोप लगा है। आरोप है कि महज पांच रुपये के विवाद में महिला ने बच्चे की बेरहमी से पिटाई की और गर्म चाकू से उसके दोनों तलवों को दाग दिया। इतना ही नहीं, बच्चे को कथित तौर पर तीन दिन तक कमरे में बंद रखा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बच्चे को बाहर निकलवाया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया। वहीं, पिता की शिकायत पर आरोपी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
20 रुपये देकर भेजा था सामान लेने
जानकारी के मुताबिक, गांव के लोगों ने बताया कि बच्चे को 20 रुपये देकर गुटखा लाने भेजा गया था। बच्चा वापस आया तो उसके पास 5 रुपये बच गए थे। इसी बात को लेकर घर में विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि बच्चे के पास बचे हुए पांच रुपये को लेकर मां नाराज हो गई और उसने पहले बच्चे की जमकर पिटाई की। इसके बाद गर्म चाकू से उसके दोनों पैरों के तलवों को दागने का आरोप लगाया गया है।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने किया हस्तक्षेप
ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चे को कई दिनों तक कमरे में बंद रखा गया था। जब पड़ोसियों ने बच्चे की चीख-पुकार सुनी तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने मामले में हस्तक्षेप किया और बच्चे को कमरे से बाहर निकाला। ग्रामीणों की सूचना पर राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बच्चे के पिता ने अपनी पत्नी के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में लगाए गए आरोपों की पूरी सच्चाई क्या है।
Location : Fatehpur
Published : 9 August 2026, 4:26 PM IST