
फतेहपुर में सनसनी
Fatehpur: जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के उमरापुर रोड पर गुरुवार को झाड़ियों के किनारे एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को तत्काल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुबह करीब सात बजे लोगों ने सड़क किनारे झाड़ियों में युवक का शव देखा। शव के आसपास काफी खून फैला हुआ था।
शव के पास पानी की बोतल, कांच के गिलास और नमकीन बरामद हुई है। आशंका जताई जा रही है कि युवक के साथ पहले शराब पार्टी हुई और बाद में उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों के पास फेंक दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 साल के बीच लग रही है। हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। आसपास के थानों को सूचित कर शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, क्षेत्र के लोगों से भी मृतक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। पुलिस जल्द ही मृतक की पहचान कर घटना का खुलासा करने और इसमें शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।
Location : Fatehpur
Published : 31 July 2026, 2:15 AM IST