Fatehpur Accident: करंट की चपेट में आकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

खखरेरू थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर एक, अम्बेडकर नगर दरियामऊ में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

फतेहपुर:  जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर एक, अम्बेडकर नगर दरियामऊ में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की बिजली करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मृतक युवक की पहचान  अभिषेक उर्फ शीलू मोदनवाल पुत्र लल्लू उर्फ अशोक मोदनवाल के रूप में हुई है। वह अपने घर के पास ही समोसे की एक छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। रोज़ की तरह वह मंगलवार को भी दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह  कोल्ड ड्रिंक के फ्रीजर का प्लग बोर्ड में लगा रहा था, तभी अचानक उसकी उंगली प्लग के अंदर चली गई और उसे तेज़ करंट लग गया।

घटना के बाद अभिषेक अचेत हो गया और मौके पर ही उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उसे  रक्षपालपुर स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन डॉक्टर ने हालत नाजुक देख इलाज करने से मना कर दिया। इसके बाद अभिषेक को  मंझनपुर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

मृतक अभिषेक तीन भाइयों में मंझला था। करीब  छह वर्ष पहले उसकी शादी कोमल नामक युवती से हुई थी, जो मूल रूप से गोदौरा गांव की रहने वाली है। अभिषेक के दो छोटे बच्चे हैं – पांच वर्षीय बेटा अयांश और तीन वर्षीय बेटी अयांशी। पति की असमय मौत से पत्नी कोमल बदहवास है और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

मासूम बच्चों का भरण-पोषण

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुंचे। मोहल्ले में मातम पसर गया है और दुकानदारों ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताया। लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि पत्नी और मासूम बच्चों का भरण-पोषण हो सके।

सावधानी बरतने की भी अपील

स्थानीय निवासियों ने बिजली उपकरणों के प्रयोग में सावधानी बरतने की भी अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Location :  Fatehpur

Published :  29 May 2025, 12:09 PM IST