फर्रुखाबाद में बिजली को लेकर किसानों का गुस्सा, 10 दिन का अल्टीमेटम; फिर होगा विभाग का घेराव?

फर्रुखाबाद में बिजली व्यवस्था और बिलों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने विद्युत विभाग और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। यूनियन ने जर्जर बिजली लाइनों, मीटर रीडिंग और समय पर बिल नहीं मिलने की शिकायत उठाई। 10 कार्य दिवस में समाधान नहीं होने पर विद्युत विभाग के घेराव की चेतावनी दी गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 October 2026, 2:52 PM IST

फर्रुखाबाद : जिले में बिजली व्यवस्था और बिलों से जुड़ी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है। किसान यूनियन ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जर्जर बिजली लाइनों को बदलने, मीटर रीडिंग और बिल वितरण की व्यवस्था दुरुस्त करने समेत कई समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि तय समय में समस्याएं दूर नहीं हुईं तो बिजली विभाग के भोलेपुर स्थित कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

जर्जर लाइनों को लेकर जताई चिंता

किसान यूनियन का आरोप है कि जिले में कई जगह बिजली की लाइनें काफी जर्जर हालत में हैं। ऐसी लाइनों से कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। यूनियन ने मांग की है कि जर्जर लाइनों को जल्द हटाकर उनकी जगह नई व्यवस्था की जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि जर्जर बिजली लाइनों के कारण कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग और जिला प्रशासन की होगी। यूनियन ने विभाग से संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और ‘वोट की चोर गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा फर्रुखाबाद, पुतला दहन कर जताया विरोध

मीटर रीडिंग और बिलों को लेकर भी सवाल

बिजली के मीटरों की रीडिंग और बिल जारी किए जाने को लेकर भी किसान यूनियन ने सवाल उठाए हैं। यूनियन का आरोप है कि कंपनी के मीटर रीडर कई स्थानों पर समय से मीटर की रीडिंग नहीं लेते और निर्धारित समय पर उपभोक्ताओं को बिल उपलब्ध नहीं हो पाते। इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल से जुड़ी शिकायतों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में विद्युत उपकेंद्र जरारी से जुड़ी समस्या का भी उल्लेख किया गया है। यूनियन के मुताबिक सखी खां की ओर से आईजीआरएस पोर्टल पर बिजली बिल से संबंधित शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद कई घरों में समय पर बिजली के बिल नहीं पहुंचाए गए।

10 कार्य दिवस में समाधान की मांग

भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने विद्युत विभाग से ज्ञापन में उठाई गई सभी समस्याओं का 10 कार्य दिवस के भीतर समाधान करने की मांग की है। यूनियन का कहना है कि जर्जर लाइनें, मीटर रीडिंग और बिल वितरण जैसी समस्याओं का सीधा असर आम उपभोक्ताओं और किसानों पर पड़ रहा है।

यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसान संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। इसके तहत किसान यूनियन के नेतृत्व में बिजली विभाग, भोलेपुर फर्रुखाबाद का घेराव किया जाएगा। अब देखना होगा कि विभाग की ओर से इन शिकायतों पर कितनी जल्दी कार्रवाई की जाती है।

Location :  Farrukhabad

Published :  8 October 2026, 2:52 PM IST