एटा जिले में महिला सुरक्षा को लेकर एक गंभीर घटना सामने आई, जहां रोडवेज बस में ड्यूटी कर रही महिला कंडक्टर के साथ युवक ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने अपने साथियों को बुलाकर बस में मारपीट, हंगामा और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।

टिकट मांगने पर महिला कंडक्टर से छेड़छाड़ ( Img: Dynamite News)
Etah: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से महिला सुरक्षा को लेकर एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां रोडवेज बस में ड्यूटी कर रही एक महिला कंडक्टर के साथ एक युवक ने पहले कथित तौर पर छेड़छाड़ की, फिर विरोध करने पर अपने साथियों को बुलाकर बस में उपद्रव, मारपीट और लूट की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक समेत 15 से अधिक लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना दो दिन पहले उस समय हुई जब रोडवेज बस एटा से आगरा की ओर जा रही थी। रास्ते में अवागढ़ से एक युवक बस में सवार हुआ। आरोप है कि जब महिला कंडक्टर ने युवक से टिकट लेने के लिए कहा, तो वह अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा और अश्लील फब्तियां कसते हुए महिला से छेड़छाड़ करने लगा।
बताया जा रहा है कि युवक की हरकतों से परेशान होकर महिला कंडक्टर ने साहस दिखाते हुए उसका विरोध किया और उसे तमाचे भी जड़ दिए। महिला के विरोध से आरोपी युवक उग्र हो गया और उसने कथित तौर पर अपने गांव लालपुर सिकरारी में फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि कुछ ही देर में 15 से अधिक लोग मौके पर पहुंच गए और बस को घेर लिया। इसके बाद बस में चढ़कर उपद्रव किया गया और महिला कंडक्टर समेत बस स्टाफ के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान आरोपी और उसके साथियों ने टिकट मशीन और करीब 50 हजार रुपये नकद छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
इस पूरी घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें बस को घेरकर हंगामा और उपद्रव करते लोग दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित महिला कंडक्टर ने आरोपी युवक और उसके साथियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई।
हाल-ए-लखनऊ: तीन दिन से भटक रहे लोग, गैस सिलेंडर पर जंजीर-ताला लगा पहरा देने के लिए जनता मजबूर
पुलिस के मुताबिक, यह घटना एटा जिले के अवागढ़ थाना क्षेत्र के लालपुर सिकरारी गांव के पास हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।