
प्रतीकात्मक छवि
Kanpur: कानपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाले दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जहां बुजुर्ग महिलाओं ने अपने ही बेटे और बहू पर मारपीट, प्रताड़ना और घर से निकालने के आरोप लगाए हैं। कल्याणपुर और कोहना थाना क्षेत्र में हुई इन घटनाओं के बाद पीड़ित महिलाओं ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। दोनों मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास-विकास तीन स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी फूलमती ने बताया कि पति की मौत के बाद वह बेटे सूरज और बहू आरती के साथ रहती थीं। कुछ समय बाद दोनों का व्यवहार बदल गया और आए दिन गालीगलौज व मारपीट होने लगी। आरोप है कि बेटे-बहू ने उन्हें उनके ही घर से धक्के मारकर निकाल दिया, जिसके बाद वह किराये के मकान में रहने लगीं।
पीड़िता के मुताबिक 13 मई की शाम वह अपने घर में रखे बर्तन लेने पहुंची थीं, लेकिन बेटे-बहू ने उन्हें फिर धक्का देकर भगा दिया। आरोप है कि उसी रात करीब 10 बजे दोनों किराये के मकान में पहुंचे और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कल्याणपुर पुलिस ने वृद्धा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दूसरा मामला कोहना थाना क्षेत्र के पुराना कानपुर का है, जहां 70 वर्षीय गायत्री देवी ने अपनी बहू खुशबू यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुजुर्ग महिला का कहना है कि बहू संपत्ति पर कब्जा चाहती है और इसी को लेकर आए दिन विवाद करती है। आरोप है कि 14 अप्रैल को बहू ने उन्हें गिराकर पीटा और छाती पर चढ़कर जान से मारने की कोशिश की।
गायत्री देवी के मुताबिक 12 मई की रात बहू ने घर में जमकर हंगामा किया। कमरे में रखे कपड़े और अन्य सामान निकालकर छत पर ले जाकर आग लगा दी। विरोध करने पर गालीगलौज करते हुए उन्हें घर से बाहर निकाल दिया और जान से मारने की धमकी दी। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि थाने में शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की।
कोहना थाना प्रभारी प्रतीक सिंह ने बताया कि खुशबू यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं कल्याणपुर पुलिस भी बेटे-बहू के खिलाफ दर्ज मामले में जांच कर रही है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने बुजुर्गों की सुरक्षा और पारिवारिक रिश्तों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Kanpur
Published : 21 May 2026, 1:33 PM IST
Topics : Domestic Violence Kanpur Elderly Woman Assault Kanpur Crime News Kanpur News Son Beaten Mother