सड़क हादसे में शिक्षा मंत्री गुलाब देवी घायल, गंभीर हालत में पहुंची अस्पताल, पढ़ें पूरा मामला

मंत्री गुलाब देवी दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। उनके काफिले में आगे पुलिस की एस्कॉर्ट जीप चल रही थी। जब वाहन छिजारसी टोल प्लाजा के पास पहुंचे, तभी पुलिस जीप के आगे चल रही एक प्राइवेट गाड़ी ने अचानक ब्रेक मार दिया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 July 2025, 5:12 PM IST

Hapur News: उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी मंगलवार को एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा हापुड़ जिले के पिलखुआ थाना क्षेत्र में छिजारसी टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां उनकी कार पुलिस की एस्कॉर्ट जीप से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मंत्री को सिर में गहरी चोट आई है। फिलहाल वह रामा अस्पताल में भर्ती हैं, जहां सिर की MRI जांच की जा रही है। उनके साथ कार में मौजूद ड्राइवर सतबीर के हाथ में चोट लगी है और उन्हें भी इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, मंत्री गुलाब देवी दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। उनके काफिले में आगे पुलिस की एस्कॉर्ट जीप चल रही थी। जब वाहन छिजारसी टोल प्लाजा के पास पहुंचे, तभी पुलिस जीप के आगे चल रही एक प्राइवेट गाड़ी ने अचानक ब्रेक मार दिया। इससे बचने के लिए पुलिस जीप ने तुरंत ब्रेक लगाया, लेकिन पीछे से आ रही गुलाब देवी की कार तेजी से जीप में टकरा गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंत्री का सिर बोनट से टकरा गया और वह बेहोश हो गई।

इलाज के लिए पहुंचाया गया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम अभिषेक पांडे, एसपी ज्ञानंजय सिंह और CMO डॉ. सुनील त्यागी की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। मंत्री गुलाब देवी और ड्राइवर सतबीर को तत्काल पास के रामा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है की मंत्री के सिर में चोट गंभीर है, लेकिन हालत स्थिर बताई जा रही है। MRI स्कैन कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।

लखनऊ या दिल्ली शिफ्ट किया जा सकता है

CMO डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि प्राथमिक इलाज के बाद स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर मंत्री को लखनऊ या दिल्ली शिफ्ट किया जा सकता है। वहीं, हादसे के बाद कुछ देर के लिए एनएच-24 पर यातायात प्रभावित हो गया। पिलखुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाया गया, जिसके बाद ट्रैफिक सामान्य किया गया।

बीजेपी की जमीनी और अनुभवी नेता गुलाब देवी

गुलाब देवी यूपी भाजपा की जानी-मानी और वरिष्ठ नेता हैं। वर्तमान में वह संभल जिले की चंदौसी विधानसभा सीट से विधायक हैं। वर्ष 1993 से भाजपा में सक्रिय राजनीति में आने वाली गुलाब देवी ने अब तक पांच बार विधानसभा चुनाव जीते हैं। उनका राजनीतिक करियर खास इसलिए भी है क्योंकि उन्होंने यूपी में भाजपा के हर मुख्यमंत्री के साथ काम किया है। चाहे वह कल्याण सिंह हों, राजनाथ सिंह, राम प्रकाश गुप्ता, योगी आदित्यनाथ या अन्य। वर्ष 2022 में योगी आदित्यनाथ की सरकार में उन्हें माध्यमिक शिक्षा मंत्री (राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया।

जांच जारी, मुख्यमंत्री को दी गई जानकारी

प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि ब्रेक लगाने वाली प्राइवेट गाड़ी किसकी थी और क्या हादसे में कोई लापरवाही हुई। CCTV फुटेज और चश्मदीदों के बयान जुटाए जा रहे हैं।

Location :  Hapur

Published :  8 July 2025, 5:12 PM IST