गाजियाबाद में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब पत्नी ने गुस्से में पति की जीभ दांतों से काट दी। आरोपी महिला गिरफ्तार, पति की हालत गंभीर।

गाजियाबाद की दारूबाज बीवी की कहानी
Ghaziabad: गाजियाबाद से सामने आई यह वारदात रिश्तों में बढ़ती हिंसा की खौफनाक मिसाल बन गई है। घरेलू विवाद इस कदर बेकाबू हो गया कि एक पत्नी ने गुस्से में अपने ही पति की जीभ दांतों से काट डाली। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आरोपी महिला ईशा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पति विपिन गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है और बोलने की क्षमता खोने के कगार पर पहुंच चुका है।
शादी के बाद ही शुरू हो गया था टकराव
यह कहानी गाजियाबाद के संजयपुरी गली नंबर बेगमाबाद से जुड़ी है। जहां जून 2025 में राम अवतार और गीता ने अपने इकलौते बेटे विपिन की शादी मेरठ के मलियाना इलाके की रहने वाली ईशा से कराई थी। घर छोटा होने के कारण ऊपर की मंजिल पर कमरा बनवाकर दंपती को वहीं रहने दिया गया। परिवार का आरोप है कि शादी के महज एक महीने बाद ही ईशा के व्यवहार को लेकर तनाव शुरू हो गया था।
नशा और रील्स को लेकर रोज झगड़ा
विपिन की मां गीता ने बताया कि बहू छिपकर शराब और सिगरेट पीती थी और इंस्टाग्राम पर रील्स बनाती रहती थी। जब विपिन ने इसका विरोध किया, तो वह झगड़ा करने लगती थी। कई बार उसने घर छोड़ने की धमकी भी दी। परिवार का कहना है कि ईशा अक्सर मारपीट और गाली-गलौज पर उतर आती थी।
अंडा करी से भड़का विवाद
सोमवार रात ईशा ने अंडा करी बनाई थी। रात करीब आठ बजे फैक्ट्री से लौटे विपिन ने रोज-रोज अंडा खाने से मना कर दिया। इस पर ईशा ने चिकन मंगाने की बात कही और पलंग के नीचे से शराब की बोतल निकाल ली। इसी बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई, जो देर रात तक हाथापाई में बदल गई।
प्यार के बहाने जीभ पर हमला
रात करीब एक बजे झगड़े के दौरान ईशा ने पहले विपिन को थप्पड़ मारे। आरोप है कि जब विपिन ने खुद को बचाने की कोशिश की, तो ईशा ने प्यार जताने के बहाने उसकी जीभ दांतों के बीच दबाकर जोर से काट ली। विपिन का मुंह खून से भर गया। वह दर्द से तड़पता हुआ नीचे आया और मां को जीभ का कटा टुकड़ा दिखाया।
डॉक्टरों ने जताई गंभीर चिंता
विपिन को मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि करीब 2.5 सेंटीमीटर जीभ कट चुकी है। सर्जरी के बाद भी जीभ को पूरी तरह जोड़ पाना संभव नहीं है। प्लास्टिक सर्जरी से केवल आंशिक सुधार हो सकता है, जिससे उसकी बोली पहले जैसी नहीं रहेगी।
थाने में भी दिखा आक्रामक रवैया
मोदीनगर पुलिस जब ईशा को थाने लाई तो वह महिला पुलिसकर्मियों से भी भिड़ गई। उसने पुलिस के सामने कबूल किया कि गुस्से में उसने जीभ काट दी थी। पुलिस ने BNS की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सीनियर एडवोकेट सौरभ डागर के मुताबिक यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है, जिसमें शरीर का अंग कटकर अलग हुआ है। ऐसे मामलों में 15 साल तक की सजा का प्रावधान है।