Doctors Day Special: सेवा, समर्पण और संवेदना की मिसाल बने फतेहपुर के डॉक्टर, मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण

डॉक्टर्स डे पर फतेहपुर के सीएमएस डॉ. राजेश कुमार और ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. नितिन कुमार की सेवा और समर्पण की कहानी। आयुष्मान योजना से सैकड़ों गरीब मरीजों को मिला निःशुल्क इलाज।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 July 2026, 2:34 PM IST

Fatehpur: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (Doctors' Day) के अवसर पर यदि फतेहपुर जिले में मरीजों के प्रति सेवा, समर्पण और मानवता की मिसाल पेश करने वाले डॉक्टरों की बात की जाए तो जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. राजेश कुमार और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन कुमार का नाम प्रमुखता से सामने आता है। दोनों चिकित्सकों ने न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया है, बल्कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों तक गुणवत्तापूर्ण इलाज पहुंचाकर लोगों का विश्वास भी जीता है।

डॉक्टर्स डे पर सभी चिकित्सकों को दी शुभकामनाएं

डॉक्टर्स डे के अवसर पर बातचीत करते हुए हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन कुमार ने सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर का पेशा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। मरीज की मुस्कान और उसका स्वस्थ होकर घर लौटना ही किसी डॉक्टर की सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।

Fatehpur: नाम बदलकर कई राज्यों में छिपा रहा बदमाश, बस इस एक गलती से पहुंच गया सलाखों के पीछे…

आयुष्मान योजना से गरीबों को मिला नया जीवन

डॉ. नितिन कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना गरीब मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। पहले जिन मरीजों के लिए कूल्हे या घुटने का प्रत्यारोपण कराना आर्थिक रूप से संभव नहीं था, आज वही मरीज इस योजना के माध्यम से मुफ्त में इलाज प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि फतेहपुर जिला अस्पताल में एक वर्ष के दौरान 700 से अधिक सफल ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन किए जा चुके हैं। वहीं हर महीने 40 से 50 मरीजों के कूल्हे और घुटने का प्रत्यारोपण आयुष्मान योजना के तहत किया जाता है। सामान्यतः इन ऑपरेशनों पर 2 से 2.5 लाख रुपये तक का खर्च आता है, लेकिन अब गरीब मरीजों को यह सुविधा बिना आर्थिक बोझ के मिल रही है।

मरीज को नया जीवन देना

डॉ. नितिन कुमार ने एक भावुक अनुभव साझा करते हुए बताया कि ताम्बेश्वर क्षेत्र के पास एक लावारिस घायल व्यक्ति मिला था, जिसका पैर बुरी तरह टूट गया था। उसका इलाज कर उसे नया जीवन दिया गया। आज वही व्यक्ति अपना होटल संचालित कर सम्मानपूर्वक जीवन जी रहा है। डॉक्टर ने कहा कि ऐसे पल उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा हैं।

बदल रही जिला अस्पताल की तस्वीर

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार के कार्यभार संभालने के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। अस्पताल में ओपीडी समय पर संचालित हो रही है, डॉक्टर नियमित रूप से मरीजों का इलाज कर रहे हैं और अस्पताल की साफ-सफाई, पेयजल एवं मरीजों के भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अस्पताल में आने वाले मरीजों का कहना है कि अब उन्हें समय पर इलाज और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। इससे जिला अस्पताल के प्रति लोगों का भरोसा भी लगातार बढ़ा है।

Location :  Fatehpur

Published :  1 July 2026, 2:34 PM IST