हिंदी
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में जिले में महिला कल्याण और सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। महिला कल्याण विभाग की बैठक में लंबित मामलों और योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक
Kushinagar: जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में जिले में महिला कल्याण और सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा हेतु बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में योजनाओं की प्रगति, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, पीड़िताओं को सहायता और यातायात सुधार पर व्यापक चर्चा हुई।
महिला कल्याण विभाग की बैठक में यूपीरानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के अंतर्गत जिला स्टीयरिंग कमेटी ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और लंबित मामलों पर विचार किया। बैठक में कुल सात मामले समिति के समक्ष रखे गए। धारा 304बी के दो मामलों में क्षतिपूर्ति देने का निर्णय लिया गया, जबकि पॉक्सो एक्ट से जुड़े पांच मामले अस्वीकृत कर दिए गए। नौ मामलों में एफएसएल रिपोर्ट न आने पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। समिति ने यह भी कहा कि पॉक्सो एक्ट के मामलों में पीड़िताओं को मेडिकल जांच में पूरा सहयोग दिया जाए, ताकि आर्थिक सहायता सही समय पर सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मिशन वात्सल्य योजना, किशोर न्याय बोर्ड, जिला बाल संरक्षण इकाई, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, वन स्टॉप सेंटर और “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की प्रगति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के आदेशों के अनुसार समयबद्ध और प्रभावी कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही सामूहिक विवाह आयोजन के संबंध में समाज कल्याण अधिकारी को दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, विधिक सेवा, बाल कल्याण और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी दिन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, एनएचएआई, रोडवेज और चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में पिछले माह हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई। इसमें कसया थाना क्षेत्र में नौका विहार के पास मोटरसाइकिल की टक्कर में 17 वर्षीय युवक की मृत्यु, रामकोला में बोलेरो और डीसीएम की टक्कर, तथा पटहेरवा क्षेत्र में 32 वर्षीय युवक की मृत्यु शामिल थी।
लोक निर्माण विभाग ने पुलिया मरम्मत और सुरक्षा कार्य की जानकारी दी। परिवहन विभाग ने स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच और नेत्र परीक्षण (आई कैम्प) की जानकारी साझा की। जिलाधिकारी ने सभी स्कूल बसों की फिटनेस सुनिश्चित करने, वाहन चालकों को बिना चश्मा वाहन चलाने की अनुमति न देने और यातायात सुधार के लिए सभी विभागों को समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।