बलिया में घर के बाहर झाड़ू लगाना पड़ा भारी, फावड़े से हमला कर महिला की हत्या

बलिया के नगरा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फावड़े से हमले में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 24 March 2026, 8:18 PM IST
google-preferred

Ballia: एक मामूली घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। जहां झाड़ू से उड़ती धूल को लेकर शुरू हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। फावड़े से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

कैसे शुरू हुआ विवाद

नगरा थाना क्षेत्र के चन्द्रवार दुगौली गांव में 18 मार्च को एक महिला अपने घर के सामने झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान धूल उड़कर पड़ोसी के घर की ओर चली गई। जिस पर पड़ोस में रहने वाली ललिता देवी ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला बढ़ता चला गया।

फावड़े से किया जानलेवा हमला

विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर ललिता देवी के पुत्र राजू चौहान ने पास में रखा फावड़ा उठाया और महिला पर हमला कर दिया। फावड़े के वार से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बलिया में पारिवारिक विवाद हुआ हिंसक, देवरानी ने जेठानी पर फेंका खौलता पानी; जानें पूरा मामला

इलाज के दौरान हुई मौत

घायल महिला मोती रानी देवी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। लेकिन हालत लगातार गंभीर बनी रही और 22 मार्च को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चन्द्रवार दुगौली चट्टी के पास एक ईंट-भट्ठे के समीप से आरोपी राजू चौहान और उसकी मां ललिता देवी को गिरफ्तार कर लिया।

हथियार भी बरामद

पुलिस पूछताछ में राजू चौहान की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने उसे विधिवत सील कर अपने कब्जे में ले लिया है।

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी और बरामदगी के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं और मानवाधिकार मानकों का पालन किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Location : 
  • Ballia

Published : 
  • 24 March 2026, 8:18 PM IST

Advertisement