सिद्धार्थनगर में डीजल संकट गहराया, पेट्रोल पंपों पर लगी किलोमीटर लंबी कतारें

सिद्धार्थनगर में एक तरफ आसमान से आग बरस रही है तो दूसरी तरफ डीजल संकट ने किसानों और वाहन चालकों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। खेती के सबसे अहम समय पर जिले के पेट्रोल पंपों पर डीजल के लिए मारामारी का माहौल है। ट्रैक्टर लेकर खेतों में जाने वाले किसान घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 May 2026, 4:02 PM IST

Siddharthnagar: सिद्धार्थनगर में भीषण गर्मी के बीच डीजल संकट ने किसानों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों में जुताई और खरपतवार नियंत्रण का समय चल रहा है, लेकिन किसान खेती करने के बजाय पेट्रोल पंपों की लंबी कतारों में खड़े नजर आए।

43 डिग्री तापमान में घंटों इंतजार

शनिवार को जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान और तपती धूप के बीच लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कई जगहों पर ट्रैक्टर, बाइक और अन्य वाहनों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं।

लोटन क्षेत्र में सबसे खराब हालात

लोटन क्षेत्र में स्थिति सबसे अधिक गंभीर दिखाई दी। तेज धूप और गर्मी से परेशान लोग अपनी मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर पंप पर खड़ा कर छांव में जाकर बैठ गए। करीब दो घंटे बाद जब धूप दूसरी ओर हुई तब लोग फिर कतार में लौटे और डीजल ले सके। इस दौरान पंप पर करीब एक किलोमीटर लंबी लाइन लगी रही।

सुबह से रात तक लगी रही भीड़

जिले के जिन पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध था, वहां सुबह होते ही वाहनों की भीड़ लग गई। शहर के कई पंपों पर दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बांसी मोड़ स्थित दो पेट्रोल पंपों पर सुबह छह बजे से लेकर शाम सवा सात बजे तक लगातार वाहन पहुंचते रहे।

खेती का काम प्रभावित

किसानों का कहना है कि डीजल की कमी से खेती का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई किसानों को बिना डीजल लिए ही वापस लौटना पड़ा। जिले में 30 से अधिक पेट्रोल पंपों पर डीजल खत्म होने की चर्चा रही, हालांकि जिला पूर्ति विभाग ने करीब 15 पंपों पर ही कमी की पुष्टि की है।

Location :  Siddharthnagar

Published :  24 May 2026, 4:02 PM IST