अबान की मौत के बाद क्या अतीक के परिवार ने अली से तोड़ा नाता? सिर्फ वकील कर रहे मुलाकात

अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से अब झांसी जेल में मिलने कोई परिजन नहीं पहुंच रहा है। छोटे भाई अबान की मौत के बाद पिछले एक महीने से सिर्फ उसके वकील ही मुलाकात कर रहे हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 12 September 2026, 11:17 AM IST

झांसी: दिवंगत माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से मिलने के लिए पिछले करीब एक महीने से कोई भी परिजन झांसी जेल नहीं पहुंचा है। छोटे भाई अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद अली से परिवार के किसी सदस्य ने मुलाकात नहीं की। फिलहाल जेल में उससे मिलने के लिए केवल उसके वकील ही पहुंच रहे हैं।

अबान की मौत के बाद थम गया मुलाकात का सिलसिला

अली अहमद पिछले करीब 11 महीने से झांसी जेल में बंद है। अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की 6 अगस्त 2026 को झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई थी।

अबान नियमित रूप से अपने बड़े भाई अली से मिलने प्रयागराज से झांसी आता था। हादसे वाले दिन भी वह अली से मुलाकात के लिए ही झांसी जा रहा था, लेकिन पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे बनी रिटेनिंग वॉल से टकरा गई। इस हादसे में अबान की मौके पर ही मौत हो गई थी।

30 से ज्यादा बार जेल में मिलने पहुंचा था अबान

अबान और अली के बीच करीबी रिश्ता था। बताया जाता है कि अबान 30 से ज्यादा बार झांसी जेल जाकर अपने भाई से मुलाकात कर चुका था। अली अपनी जरूरत की कई चीजें भी अबान के जरिए ही मंगवाता था।

अबान की मौत के बाद अली को भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए प्रयागराज ले जाया गया था। इसके बाद से परिवार की ओर से झांसी जेल में मुलाकात का सिलसिला पूरी तरह बंद हो गया।

अली ने भी किसी नए मुलाकाती का नाम नहीं दिया

जेल प्रशासन के मुताबिक, अली अहमद ने अब तक किसी नए रिश्तेदार का नाम मुलाकाती के तौर पर दर्ज नहीं कराया है। यहां तक कि उसने अपने मंझले भाई अहजम को भी झांसी जेल आकर मुलाकात करने से मना कर दिया था।

अबान की मौत के बाद बीते एक महीने में अली से मिलने के लिए परिवार का कोई सदस्य नहीं पहुंचा है। जेल रिकॉर्ड के अनुसार, इस दौरान केवल उसके वकील ही उससे मुलाकात कर रहे हैं।

जेल प्रशासन रखता है मुलाकातियों का रिकॉर्ड

झांसी जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जेल में मुलाकात के लिए आने वाले लोगों का पूरा रिकॉर्ड रखा जाता है। सुरक्षा कारणों से मुलाकातियों की जानकारी एलआईयू को भी दी जाती है।

उन्होंने बताया कि अली ने अभी तक किसी रिश्तेदार को मुलाकाती के रूप में दर्ज कराने के लिए आवेदन नहीं दिया है।

उमर और अली से मिलने की जिम्मेदारी बंटी थी

अतीक अहमद का बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है। उमर से मिलने की जिम्मेदारी पहले मंझले भाई अहजम संभालते थे, जबकि अली से मिलने के लिए अबान नियमित रूप से झांसी आता था।

अबान की मौत के बाद परिवार की ओर से होने वाली ये मुलाकातें रुक गई हैं, जिससे अली की जेल में पारिवारिक मुलाकात पूरी तरह सीमित हो गई है।

Location :  Jhansi

Published :  12 September 2026, 11:17 AM IST