
धर्मेंद्र यादव
Budaun : महिला आरक्षण बिल को लेकर देश की सियासत गरमाई हुई है, लेकिन बदायूं में इस मुद्दे ने और तीखा रूप ले लिया जब आजमगढ़ से सांसद धर्मेंद्र यादव ने सीधे भाजपा सरकार पर हमला बोल दिया। उनके बयान ने साफ कर दिया कि आने वाले चुनाव में यह मुद्दा बड़ा राजनीतिक हथियार बन सकता है।
बदायूं में सांसद धर्मेंद्र यादव ने महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को गुमराह किया जा रहा है और आने वाले चुनाव में महिलाएं जवाब देंगी।@samajwadiparty @MPDharmendraYdv #samajwadiparty pic.twitter.com/YVaKULxk5n
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 20, 2026
देश भर में महिला आरक्षण बिल को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में बदायूं पहुंचे आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव ने मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार को महिला विरोधी बताते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में महिलाएं भाजपा को इसका करारा जवाब देने वाली हैं।
सांसद धर्मेंद्र यादव एक निजी कार्यक्रम में बदायूं पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने महिला आरक्षण बिल को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब दोनों सदनों में बिल पास हो चुका था, तब भी सरकार ने जानबूझकर इसे आगे नहीं बढ़ाया। उनके मुताबिक यह सिर्फ महिला आरक्षण का मुद्दा नहीं था, बल्कि इसके पीछे परिसीमन का बड़ा खेल छिपा हुआ था।
सांसद ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में सरकार परिसीमन बिल लाना चाहती थी। उनका कहना था कि अगर ऐसा होता तो परिसीमन आयोग के गठन का रास्ता साफ हो जाता और देशभर में इसका असर देखने को मिलता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि असम जैसा हाल पूरे देश में हो सकता था, जो एक छिपे हुए एजेंडे का हिस्सा था।
सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा के इस कथित एजेंडे का जवाब देश की महिलाएं जरूर देंगी। उन्होंने दावा किया कि महिलाएं अब जागरूक हैं और वे जानना चाहती हैं कि महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन क्यों लाया जा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि क्या देश के लोग इस तरह के फैसलों के बाद चुनाव आयोग पर भरोसा कर पाएंगे।
उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक महिलाओं के लिए कोई ठोस काम नहीं किया गया है। सांसद ने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक रणनीति है, लेकिन देश की महिलाएं समझदार हैं और वे किसी के झांसे में आने वाली नहीं हैं।
Location : Badaun
Published : 20 April 2026, 9:18 PM IST