हिंदी
युवक पर क्रिकेट स्टम्प और रॉड से हमला (Image: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक पर क्रिकेट स्टम्प, रॉड और चाकू से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में लार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की वैन्यू कार और तीन क्रिकेट स्टम्प भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 19 अक्टूबर की रात लार थाना क्षेत्र के मटियरा जगदीश चौराहे की है। यहां मटियरा जगदीश निवासी राजू यादव के साथ कथित तौर पर पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की गई। आरोप है कि आदर्श प्रताप यादव, विवेक यादव और उनके अन्य साथियों ने क्रिकेट स्टम्प, रॉड और चाकू से राजू यादव पर हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल राजू यादव के पिता अशोक यादव ने पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर 20 अक्टूबर को लार थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश की।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने माधोपुर मोड़ के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान आदर्श प्रताप यादव पुत्र सत्यदेव यादव, निवासी रावतपार अमेठिया, थाना लार और विवेक यादव पुत्र उमाशंकर यादव, निवासी कठौड़ी, थाना भाटपाररानी, जिला देवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की वैन्यू कार और तीन क्रिकेट स्टम्प बरामद किए हैं।
Deoria: साइबर पुलिस की मुस्तैदी, देवरिया में ठगी के शिकार युवक को पूरी रकम वापस मिली
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण और लार थाना प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले की विवेचना जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Deoria
Published : 20 October 2026, 7:05 PM IST