देवरिया में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा! ऑटो पलटने से 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, घर में छाया मातम

नारायणपुर चौराहे के पास बाइक और टेंपो की भिड़ंत के बाद अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े 80 वर्षीय बुजुर्ग पर पलट गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम और गांव में शोक का माहौल है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 8 September 2026, 6:38 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर औराई निवासी 80 वर्षीय इस्माइल अंसारी पुत्र स्व. ओहदन की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा नारायणपुर चौराहे के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार टेंपो और बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर वहां मौजूद इस्माइल अंसारी के ऊपर पलट गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

बाइक और टेंपो की भिड़ंत के बाद बिगड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार, इस्माइल अंसारी किसी काम से नारायणपुर चौराहे की ओर गए थे। इसी दौरान चौराहे के पास तेज रफ्तार टेंपो और बाइक की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद टेंपो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद इस्माइल अंसारी के ऊपर पलट गया। हादसे में बुजुर्ग को गंभीर चोटें आईं।

राहगीरों ने पहुंचकर बचाया

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने किसी तरह टेंपो के नीचे दबे इस्माइल अंसारी को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हादसे की सूचना पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद एकौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

देवरिया में खाकी का बड़ा एक्शन! खामपार पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के दो वांछित अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया

सीएचसी रुद्रपुर में चिकित्सकों ने बुजुर्ग की हालत की जांच की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने इस्माइल अंसारी को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर परिवार तक पहुंचते ही घर में मातम छा गया। बुजुर्ग की पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने टेंपो कब्जे में लिया

एकौना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। इसके साथ ही मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया गया। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

‘योग्यता को पीछे धकेलना मंजूर नहीं’, यूजीसी रेगुलेशन एक्ट के खिलाफ देवरिया में धरना, सरकार से कानून वापस लेने की मांग

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

एकौना थानाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जानकारी पुलिस को मिली थी। उनके मुताबिक इस्माइल अंसारी की उम्र करीब 80 वर्ष थी और वह नारायणपुर चौराहे पर किसी काम से गए थे। इसी दौरान बाइक और ऑटो की भिड़ंत हुई और ऑटो उनके ऊपर पलट गया। गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में पसरा मातम

इस्माइल अंसारी की मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, शोक का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। अचानक हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी इस घटना को लेकर लोग दुखी नजर आए।

Location :  Deoria

Published :  8 September 2026, 6:38 PM IST

Related News

Advertisement