‘अस्पताल में नहीं मिला जहर उतारने वाला इंजेक्शन’ देवरिया में तड़प-तड़पकर थम गई 70 साल की बुजुर्ग महिला की सांस

देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के भभौली गांव में घर की सफाई कर रही 70 वर्षीय बरर्फी देवी की सांप के डसने से मौत हो गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 August 2026, 4:50 PM IST

Deoria: रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भभौली में रविवार की रात करीब 8:00 के समय घर की सफाई कर रही 70 वर्षीय महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देवरिया इमरजेंसी में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।

मृतका की हुई पहचान

मृतका की पहचान बरर्फी देवी पति, रामदीन निषाद उम्र करीब 70 वर्ष के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार को वह अपने घर की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान घर के अंदर छिपे जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें - Deoria News: गले से बहता खून और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल! जानिए क्यों देवर ने भाभी पर चला दिया चाकू

सीएचसी में एंटी-स्नेक वेनम नहीं होने का आरोप

घटना के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सर्पदंश के इलाज में इस्तेमाल होने वाला एंटी-स्नेक वेनम (सांप के जहर का इंजेक्शन) उपलब्ध नहीं था। उनका कहना है कि यदि समय रहते सीएचसी पर एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध होता और तत्काल उपचार शुरू हो जाता तो संभवतः बरर्फी देवी की जान बच सकती थी।

सर्पदंश के मामलों में समय बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसे सरकारी अस्पताल में जीवनरक्षक एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता को लेकर सवाल उठना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता खड़ी करता है।

जिम्मेदारी तय करने की मांग

महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में भी स्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सांप के काटने की घटनाएं लगातार सामने आती हैं, ऐसे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी-स्नेक वेनम समेत जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

यह भी पढ़ें - Deoria News: सोते हुए पिता पर कुल्हाड़ी से हमला, बचाने दौड़ी मां और भाई भी बने निशाना

मौके पर पहुंची पुलिस

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब सवाल यह है कि क्या रुद्रपुर सीएचसी पर सर्पदंश के इलाज की पर्याप्त व्यवस्था थी और यदि एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध नहीं था तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से इस पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

Location :  Deoria

Published :  31 August 2026, 4:47 PM IST