देवरिया में भीषण सड़क हादसा: एंबुलेंस ने ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिस वालों को रौंदा, बुलेंस चालक वाहन समेत हिरासत में

देवरिया के शिव मंदिर चौराहे पर आखिर ऐसा क्या हुआ कि अचानक चारों तरफ सिर्फ चीख-पुकार मच गई? कर्तव्य पथ पर तैनात तीन जांबाज अचानक काल के गाल में समाते-समाते बचे। एक ऐसी रफ्तार जिसने पुलिस महकमे को हिला दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 July 2026, 2:52 PM IST

Deoria: जनपद मुख्यालय स्थित गोरखपुर-देवरिया फोरलेन शुक्रवार की भोर में एक बड़े हादसे का गवाह बना। जिलाधिकारी कार्यालय के समीप स्थित शिव मंदिर चौराहे पर कर्तव्य पथ पर तैनात तीन पुलिस आरक्षियों को एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एंबुलेंस चालक को वाहन समेत हिरासत में ले लिया है।

भोर के सन्नाटे में चीख-पुकार, शिव मंदिर चौराहे पर हादसा

यह दर्दनाक घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले व्यस्त शिव मंदिर चौराहे की है। शुक्रवार की भोर में जब आम दिनों की तरह पुलिसकर्मी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी को अंजाम दे रहे थे, तभी फोरलेन पर दौड़ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार एंबुलेंस काल बनकर आई। शिव मंदिर चौराहे के पास एंबुलेंस ने सीधे ड्यूटी पर तैनात पुलिस आरक्षियों जितेंद्र यादव, सुरेंद्र शर्मा और महेंद्र यादव को जोरदार टक्कर मार दी। भोर के सन्नाटे में हुई इस भीषण भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

Deoria News: खुले में रखे मिले पोलियो वैक्सीन कैरियर, वायरल वीडियो से स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों की मुस्तैदी, घायलों को गोरखपुर किया गया रेफर

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। जनता और पुलिस के सामूहिक प्रयासों से तीनों लहुलूहान पुलिसकर्मियों को तत्काल पास के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने फौरन प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन तीनों आरक्षियों की नाजुक और गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत मेडिकल कॉलेज गोरखपुर (BRD) रेफर कर दिया गया। वर्तमान में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में तीनों घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है।

पुलिस महकमे में चिंता, आरोपी चालक सिवान का निवासी

घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। सदर कोतवाली पुलिस ने मामले में फुर्ती दिखाते हुए आरोपी एंबुलेंस चालक को दबोच लिया। पकड़े गए चालक की पहचान अभिषेक (उम्र 20 वर्ष), पुत्र उमाशंकर कुशवाहा, निवासी जनपद सिवान के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित एंबुलेंस को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

Deoria News: “टाल-मटोल की नीति नहीं चलेगी” वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामेश्वर मणि का बड़ा बयान- जनहित के मुद्दों पर मौन क्यों है प्रशासन?

सदर कोतवाली पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच शुरू कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Location :  Deoria

Published :  3 July 2026, 2:52 PM IST