
विधायक ने रसोइयों का बढ़ाया हौसला (Img: Dynamite News)
Deoria: प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को लेकर शनिवार को जनपद मुख्यालय पर रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी उपस्थित रसोइयों एवं शिक्षकों को दिखाया गया। इस दौरान रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बढ़े हुए मानदेय का चेक वितरित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय रसोइया सम्मान समारोह में रसोइयों के हित में चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने रसोइयों का मासिक मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा कार्डों का प्रतीकात्मक वितरण किया गया।
ये भी पढ़ें - Deoria News: हत्या के बाद फरार था आरोपी, पुलिस ने ऐसे दबोचा… निशानदेही पर झाड़ियों से मिला ‘आलाकत्ल’
मुख्यमंत्री ने रसोइयों के परिधान के लिए मिलने वाले अनुदान को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये करने तथा भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से 2 लाख रुपये का निःशुल्क दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि रसोइयों का पूरा मानदेय अब बैंक खाते में जाएगा। दुर्घटना या विकलांगता की स्थिति में परिवार को बैंक के माध्यम से 2 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जनपद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार रसोइया बहनों के सम्मान, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि रसोइयाएं विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सरकार द्वारा मानदेय बढ़ाने के साथ स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
विधायक ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर रसोइया बहनों को उपहार स्वरूप दो साड़ी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने रसोइयों से विद्यालयों में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। कहा कि बच्चों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक पंडित गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि रसोइयों का योगदान केवल भोजन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बच्चों के स्वस्थ भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सरकार की नई योजनाओं से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
ये भी पढ़ें - Deoria Flood: अगर नदी का दबाव यूं ही बढ़ा तो मुश्किल होगी! देवरिया में बढ़ते जलस्तर से सहमे ग्रामीण
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि रसोइयों के हित में लिए गए निर्णय संवेदनशील और दूरदर्शी हैं। मानदेय में वृद्धि तथा चिकित्सा एवं दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाओं से रसोइयों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना के सफल संचालन में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शासन की ओर से प्रदान की गई सुविधाएं उनके मनोबल को बढ़ाने के साथ बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने रसोइयों से रसोईघर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखते हुए स्वच्छता के साथ भोजन वितरण सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ला, उपेंद्र उपाध्याय एवं वशिष्ठ नारायण चौहान ने किया। इस अवसर पर एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि राजू मणि, खंड शिक्षा अधिकारी देवमुनि वर्मा, सत्य प्रकाश कुशवाहा, पंकज सिंह, जयराम, उपेंद्र भारती, शिक्षक प्रतिनिधि विनोद सिंह, अशोक सिंह, नन्दलाल, ऋषिकेश जायसवाल, आनंद यादव, शिवचंद प्रजापति, गोविन्द सिंह, शशांक मिश्रा, नीलम सिंह, वंदना सिंह, नसीब अली, सगुफ्ता जबीन, संजीव कुमार, मनीप मौर्य, डॉ. आलोक पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में रसोइया एवं शिक्षक मौजूद रहे।
Location : Deoria
Published : 23 August 2026, 5:28 PM IST
Topics : Deoria News UP News Yogi Adityanath