48 घंटे में बिजली नहीं सुधरी तो सड़क पर उतरेंगे ग्रामीण! सपा नेता की चेतावनी से मचा हड़कंप

देवरिया के पोखरभीडा गांव के चौहान टोले में बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फिर सामने आया। प्रदर्शन के दौरान विभाग पर लगातार अनदेखी करने के आरोप लगे। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने और अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद ट्रांसफॉर्मर नहीं लग सका।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 August 2026, 2:11 PM IST

Deoria: पोखरभीडा गांव के चौहान टोले में बिजली की समस्या को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा एक बार फिर सामने आया। लंबे समय से खराब बिजली व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। अब इस मामले में 48 घंटे की समय-सीमा तय की गई है।

पांच-छह साल से नहीं बदले हालात

भलुअनी ब्लॉक के पोखरभीडा गांव स्थित चौहान टोले में बिजली की समस्या कोई नई नहीं है। सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में ग्रामीणों ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से बिजली की परेशानी झेल रहे हैं। कभी बिजली आपूर्ति बाधित रहती है तो कभी खराब व्यवस्था के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समाधान के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा।

ये भी पढ़ें- Kanpur Accident: मोतीझील में घूमने निकले दंपती को कार ने मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद चालक फरार!

एक सप्ताह का आश्वासन भी नहीं आया काम

सपा नेता विजय रावत ने बताया कि करीब दस दिन पहले भी वह ग्रामीणों की समस्या को लेकर चौहान टोले पहुंचे थे। उस समय बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत हुई थी। अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिया था। लेकिन तय समय गुजरने के बाद भी हालात में कोई खास बदलाव नहीं आया। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई और शनिवार को प्रदर्शन करना पड़ा।

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

विजय रावत के मुताबिक, चार अगस्त को बरहज एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। इसमें 48 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था ठीक कराने और चौहान टोले में 63 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि ज्ञापन देने के बाद भी न तो बिजली व्यवस्था दुरुस्त हुई और न ही ट्रांसफॉर्मर लगाया गया। यही वजह है कि अब मामला सिर्फ शिकायत तक सीमित नहीं रहने वाला है।

ये भी पढ़ें- थानेदारों की उड़ी नींद: एसपी अभिजीत शंकर की चेतावनी; ‘काम में ढिलाई तो सीधी होगी कार्रवाई’

48 घंटे का अल्टीमेटम

विजय रावत ने बिजली विभाग को एक बार फिर 48 घंटे का समय दिया है। उन्होंने कहा कि अगर इस अवधि में चौहान टोले की बिजली व्यवस्था ठीक नहीं हुई और 63 केवी का ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया तो ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान विजय चौहान, सुदर्शन चौहान, विकास कुमार, राहुल तिवारी, आलोक चौहान, विवेक चौहान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं। 

Location :  Deoria

Published :  8 August 2026, 2:08 PM IST