Deoria News: यात्रियों का रास्ता या कूड़ाघर? देवरिया स्टेशन रोड पर गंदगी से लोग परेशान

देवरिया शहर के रेलवे स्टेशन के पास मछली हट्टा रोड पर फैली गंदगी ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क किनारे जमा कूड़े के कारण राहगीरों और यात्रियों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जल्द सफाई कराने की मांग की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 August 2026, 12:58 PM IST

Deoria: देवरिया सदर मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन के निकट मछली हट्टा रोड पर सड़क किनारे बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा है। यह मार्ग रेलवे स्टेशन तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं। गंदगी और बदबू के कारण लोगों को नाक पर कपड़ा रखकर निकलना पड़ रहा है। लंबे समय से कूड़ा न हटाए जाने से आसपास का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।

यात्रियों और स्थानीय लोगों को हो रही दिक्कत

इस मार्ग का उपयोग रेलवे यात्रियों के अलावा मरीज, तीमारदार, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और स्थानीय निवासी भी करते हैं। सड़क किनारे फैले कूड़े से उठ रही दुर्गंध लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण कूड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे संक्रमण फैलने का भी खतरा बना हुआ है।

यह भी पढ़ें: Deoria News: 50 लाख दिए, 24 महीने इंतजार… फिर जमीन के सौदे में ऐसा क्या हुआ कि 5 पर दर्ज हो गया मुकदमा?

स्वच्छ भारत मिशन के दावों पर उठे सवाल

एक ओर केंद्र और प्रदेश सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरों और कस्बों को साफ-सुथरा बनाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक स्थानों पर फैली गंदगी इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण स्थान के पास इस तरह की स्थिति नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाती है।

स्थानीय लोगों ने की नियमित सफाई की मांग

आसपास के दुकानदारों और नागरिकों का कहना है कि यदि समय-समय पर कूड़ा उठाया जाए और नियमित सफाई कराई जाए तो ऐसी स्थिति नहीं बनेगी। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल कूड़े का निस्तारण कराने, सफाई व्यवस्था को नियमित करने और भविष्य में दोबारा कूड़ा जमा न होने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें: Deoria: कागजों में खुल रहे थे आंगनबाड़ी केंद्र, मौके पर लटके मिले ताले! जांच के बाद मचा हड़कंप

प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार

फिलहाल स्थानीय लोगों की नजर नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। नागरिकों का कहना है कि रेलवे स्टेशन के आसपास साफ-सफाई बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। अब देखना होगा कि नगर पालिका कब तक इस समस्या का समाधान करती है और लोगों को गंदगी व दुर्गंध से राहत दिला पाती है।

Location :  Deoria

Published :  21 August 2026, 12:58 PM IST