
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी तिवारी में मिले एक अज्ञात युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। 13 जनवरी को सड़क किनारे पड़े शव की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने शव की पहचान प्रमोद यादव पुत्र वकील यादव, निवासी गौरा बरहज वार्ड नंबर 23, थाना बरहज के रूप में की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक प्रमोद यादव का रामेश्वर विश्वकर्मा की पत्नी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात से नाराज होकर रामेश्वर विश्वकर्मा ने प्रमोद की हत्या की साजिश रची। उसने इस योजना में अपने दो दोस्तों सोनू पासवान और गोलू राजभर को भी शामिल कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त रामेश्वर विश्वकर्मा ने बताया कि 12 जनवरी 2026 को उसने प्रमोद यादव को बहाने से घर से बाहर बुलाया। तीनों अभियुक्तों ने पहले उसे देवरिया, फिर अलग-अलग स्थानों पर घुमाया। बाद में शराब भट्ठी के पास बैठकर सभी ने शराब पी। जब प्रमोद नशे में धुत हो गया, तब उसे सीएनजी ऑटो में बैठाकर सुनसान रास्ते की ओर ले जाया गया।
भभौली चौराहे से बरहज जाने वाले मार्ग पर सुनसान जगह देखकर ऑटो रोका गया। पीछे की सीट पर बैठे प्रमोद यादव के गले में रामेश्वर ने मफलर डाल दिया और दोनों ओर से मफलर खींचकर रामेश्वर और सोनू ने उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया और तीनों आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में मदनपुर पुलिस ने गहन जांच शुरू की। फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों अभियुक्तों को पकड़ी तिवारी शराब भट्ठी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
महराजगंज में 24 करोड़ के कस्तूरबा विद्यालय निर्माण में गड़बड़ी की आशंका, DM के निरीक्षण में खुली पोल
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त मफलर, एक मोबाइल फोन और सीएनजी ऑटो बरामद किया है। तीनों के खिलाफ मु0अ0सं0 05/2026 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस सफल अनावरण में थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद, कांस्टेबल विशाल गौरव, राहुल कुमार सिंह, अश्वनी कपूर और विशाल गुप्ता शामिल रहे।
Location : Deoria
Published : 24 January 2026, 9:04 AM IST